Digvesh Rathi Celebration: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 19वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और गुजरात टाइटंस (GT) आमने-सामने थे. इस मुकाबले में लखनऊ के स्पिनर दिग्वेश राठी ने गुजरात के बल्लेबाज साई सुदर्शन को आउट किया. विकेट लेने के बाद 26 साल के इस गेंदबाज ने मैदान पर साइन करने की एक्टिंग करके जश्न मनाया. पिछले सीजन में अपने इसी जश्न के कारण बैन झेलने वाले राठी का अंदाज इस बार काफी शांत नजर आया.
सुदर्शन को कैच आउट कराकर किया साइन
मैच में दिग्वेश राठी ने गुजरात के ओपनर साई सुदर्शन को अपना शिकार बनाया. राठी ने लेग स्टंप की तरफ एक छोटी गेंद फेंकी. सुदर्शन ने शॉट खेला लेकिन गेंद सीधा फाइन लेग पर खडे आवेश खान के हाथों में गई. विकेट मिलते ही राठी मैदान की तरफ झुके और अपने हाथ से साइन करने का इशारा किया. इस बार उनका तरीका काफी शांत रहा और उन्होंने बल्लेबाज की तरफ नहीं देखा.
पिछले साल लगा था बैन और जुर्माना
आईपीएल 2025 में दिग्वेश राठी को आक्रामक जश्न मनाने के कारण नुकसान उठाना पडा था. पिछले सीजन में राठी विकेट लेने के बाद बल्लेबाज की आंखों में देखते थे और काल्पनिक लाइन पार करते थे. इस कारण उन पर तीन बार एक्शन हुआ. पहली गलती पर 25 प्रतिशत और दूसरी पर 50 प्रतिशत मैच फीस कटी. तीसरी बार गलती करने पर 50 प्रतिशत जुर्माने के साथ एक मैच का बैन लगा था.
सस्पेंशन का खतरा अभी भी बरकरार है
आईपीएल के नियमों के अनुसार किसी भी खिलाडी के डिमेरिट पॉइंट 36 महीने तक जुडे रहते हैं. पिछले सीजन की घटनाओं से राठी के खाते में अभी पांच डिमेरिट पॉइंट हैं. अगर किसी खिलाडी के आठ डिमेरिट पॉइंट होते हैं, तो उस पर दो मैच का बैन लगता है. यह आंकडा 11 पॉइंट तक पहुंचने पर तीन मैच का बैन लगता है. इसलिए इस खिलाडी को अब बहुत सावधान रहना होगा.
प्रसिद्ध कृष्णा बने पर्पल कैप के दावेदार
गुजरात के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार खेल दिखाया. उन्होंने 28 रन देकर चार अहम विकेट लिए. कृष्णा ने मार्करम, बदोनी, पूरन और मुकुल चौधरी को आउट किया. इस प्रदर्शन के बाद वह पर्पल कैप की लिस्ट में सबसे ऊपर हैं. गुजरात ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और लखनऊ की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 164 रन ही बना सकी.
गुजरात टाइटंस ने दर्ज की जीत
गुजरात ने 165 रन के लक्ष्य को 18.4 ओवर में तीन विकेट पर हासिल कर लिया. शुभमन गिल और जोस बटलर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक बनाए. दूसरी पारी में लखनऊ के गेंदबाज कमाल नहीं कर सके. लखनऊ की तरफ से शमी, प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी को एक-एक सफलता मिली. यह गुजरात की लगातार दूसरी जीत है, जबकि लखनऊ को दूसरी हार का सामना करना पडा है.
ये भी पढ़ें-
LSG vs GT: गुजरात ने लखनऊ को 7 विकेट से दी मात, गिल और बटलर की फिफ्टी
LSG को सपोर्ट करने पहुंची सारा और सानिया, अर्जुन तेंदुलकर को फिर नहीं मिला मौका
PBKS की मिस्ट्री गर्ल का सच आया सामने, अर्शदीप संग नया वीडियो हुआ वायरल
