Highlights
IND vs NZ: विशाखापत्तनम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए चौथे T20 मुकाबले में भले ही कीवी बल्लेबाजों ने रनों की बरसात कर दी हो, लेकिन महफिल रिंकू सिंह (Rinku Singh) ने लूट ली. भारतीय टीम के इस युवा सितारे ने फील्डिंग में ऐसा कमाल दिखाया कि हर कोई देखता रह गया. जहां एक तरफ न्यूजीलैंड के बल्लेबाज चौके-छक्कों की बारिश कर रहे थे, वहीं रिंकू सिंह बाउंड्री लाइन और इनर सर्किल में दीवार बनकर खड़े थे. उन्होंने इस मैच में एक नहीं, दो नहीं बल्कि कुल 4 शानदार कैच लपके और एक बड़े भारतीय रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 215 रन बनाए, लेकिन रिंकू की फुर्ती ने इस स्कोर को और बड़ा होने से रोक दिया.
एक मैच में 4 कैच, रिंकू ने रचा इतिहास
रिंकू सिंह अब T20 इंटरनेशनल के एक ही मैच में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले भारतीय फील्डर बन गए हैं. हालांकि, वे इस मामले में अकेले नहीं हैं, उन्होंने पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे के 12 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी की है. रहाणे ने साल 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले गए मैच में 4 कैच लपके थे.
अब तक रोहित शर्मा, सुरेश रैना और हार्दिक पांड्या जैसे दिग्गज एक मैच में 3-3 कैच ले चुके हैं, लेकिन रिंकू ने इन सबसे आगे निकलकर 4 कैच अपनी झोली में डाले. अगर पूरी दुनिया की बात करें, तो टेस्ट खेलने वाले देशों में सिर्फ बांग्लादेश के तंजीद हसन ही उनसे आगे हैं, जिन्होंने एक मैच में 5 कैच पकड़े हैं.
कब और किसके कैच लपके?
मैच की शुरुआत में न्यूजीलैंड के ओपनर्स ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली. जब टीम को विकेट की सख्त जरुरत थी, तब रिंकू सिंह ने अपनी शानदार फील्डिंग का नजारा पेश किया.
- पहला शिकार: सबसे पहले उन्होंने कुलदीप यादव की गेंद पर सेट हो चुके डेवोन कॉन्वे का कैच पकड़ा, जिससे भारत को पहली सफलता मिली.
- दूसरा शिकार: इसके बाद खतरनाक दिख रहे टिम सीफर्ट (62 रन) को अर्शदीप सिंह की गेंद पर पवेलियन भेजा.
- तीसरा और चौथा शिकार: रिंकू यहीं नहीं रुके. उन्होंने ग्लेन फिलिप्स और जैक फाउल्क्स जैसे बल्लेबाजों के कैच भी बड़ी सफाई से लपके. 18वें ओवर में चौथा कैच पकड़ते ही उन्होंने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करवा लिया.
भारत के सबसे सुरक्षित हाथों में से एक
रिंकू सिंह को मौजूदा समय में भारत के सबसे बेहतरीन फील्डर्स में गिना जाता है. उनके आंकड़े भी इस बात की गवाही देते हैं. अब तक खेले गए 39 T20 मैचों की 38 पारियों में उन्होंने 30 कैच पकड़े हैं.
अगर औसत की बात करें, तो प्रति पारी उनका कैच पकड़ने का औसत 0.789 है. भारत के लिए T20 में 20 से ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में यह औसत सबसे बेहतरीन है. उनकी फील्डिंग न सिर्फ गेंदबाजों का हौसला बढ़ाती है, बल्कि मुश्किल समय में मैच का रुख भी बदल देती है.
न्यूजीलैंड का बड़ा स्कोर
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया था, जो शुरुआत में गलत साबित होता दिखा. न्यूजीलैंड के ओपनर्स ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर डाली. टिम सीफर्ट ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए, जबकि डेवोन कॉन्वे ने 44 और डेरिल मिचेल ने नाबाद 39 रनों की पारी खेली.
भारतीय गेंदबाजों को शुरुआत में संघर्ष करना पड़ा, लेकिन बीच के ओवरों में उन्होंने वापसी की. अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट झटके. हालांकि, कीवी टीम 215 रन बनाने में कामयाब रही, जो एक बड़ा स्कोर है. लेकिन इस मैच को रिंकू सिंह की जादुई फील्डिंग के लिए हमेशा याद रखा जाएगा.
ये भी पढ़ें-
IND vs NZ 4th T20: भारत को मिला 216 का टारगेट, साइफर्ट की फिफ्टी, अर्शदीप को मिले 2 विकेट
IND vs NZ 4th T20: भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, न्यूजीलैंड की बैटिंग, ईशान किशन बाहर
