BCCI: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सितंबर में होने वाले भारत के सफेद गेंद क्रिकेट दौरे को बचाने और टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद बिगड़े संबंधों को सुधारने के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) से संपर्क किया है. ऐसा माना जा रहा है कि बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल का कार्यकाल जल्द ही समाप्त हो सकता है और एक अंतरिम बोर्ड भारतीय क्रिकेट बोर्ड के साथ बातचीत शुरू कर सकता है. इस साल की शुरुआत में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बीसीसीआई के आदेश पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा टीम से निकाले जाने के बाद दोनों देशों के संबंध बेहद खराब हो गए थे. बांग्लादेश में कई हिंदुओं की हत्या के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ गया था.
केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान का दिखाया बाहर का रास्ता
इसी वजह से नीलामी में केकेआर द्वारा रहमान को टीम में शामिल किए जाने पर सोशल मीडिया पर आक्रोश फैल गया था. इसी वजह से बीसीसीआई ने केकेआर को रहमान को टीम से बाहर करने का आदेश दिया. इसके बाद बांग्लादेश ने 2026 टी20 विश्व कप के लिए भारत जाने से इनकार कर दिया और अंत में बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया. ग्रुप सी में स्कॉटलैंड को उसकी जगह शामिल कर लिया गया. बांग्लादेश की पुरुष टीम को इस साल भारत के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि भारत का क्या रुख रहता है.
नई सरकार भारत के साथ सुधारना चाहती है संबंध
बीसीबी के निदेशक (क्रिकेट संचालन) नजमुल अबेदीन फहीम ने पुष्टि की कि बोर्ड ने वास्तव में भारतीय बोर्ड को ईमेल भेजा है. उन्होंने कहा, ‘पत्र में हमने उल्लेख किया था कि भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम सितंबर में बांग्लादेश में एक सीरीज खेलने के लिए आने वाली है और उसके बाद हमारी महिला टीम को भारत जाना है. हमने पत्र में पारस्परिक क्रिकेट सहयोग की अन्य संभावनाओं का पता लगाने का अनुरोध भी शामिल किया था. हम विभिन्न देशों के क्रिकेट बोर्डों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखते हैं. इसी नियमित संपर्क के तहत, हमने हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से पत्र और ईमेल के माध्यम से संपर्क किया.’
भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव में आई कमी
बांग्लादेश में 12 फरवरी को हुए आम चुनाव के बाद, बांग्लादेश ने भारत के साथ संबंधों को बेहतर बनाने की कोशिश की है. इस सप्ताह की शुरुआत में, आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल ने आखिरकार केकेआर द्वारा रहमान को रिलीज किए जाने पर अपनी चुप्पी तोड़ी और इसे एक दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति बताया. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में भारत सरकार की कोई भूमिका नहीं है. धूमल ने फाइनेंशियल टाइम्स को बताया, ‘मैं बस इतना ही कहूंगा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण था. इससे ज्यादा मुझे कोई जानकारी नहीं है.’ भारत और बांग्लादेश की बात करें तो, दोनों पुरुष टीमें 1 सितंबर से 12 सितंबर तक तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलने वाली हैं. अब तक इसे रद्द नहीं किया गया है.
ये भी पढ़ें…
DC के खिलाफ क्यों नहीं खेल रहे हार्दिक पाड्या, सूर्या को दी गई MI की कप्तानी
DC के खिलाफ क्यों नहीं खेल रहे हार्दिक पाड्या, सूर्या को दी गई MI की कप्तानी
