भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज से पहले बुरी खबर, चोट के कारण हार्दिक पंड्या हुए बाहर

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं.

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से ठीक पहले भारतीय खेमे से एक बुरी खबर आ रही है. स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण इस सीरीज से पूरी तरह बाहर हो गए हैं. हार्दिक आईपीएल 2026 के दौरान पीठ के दर्द से परेशान थे. राहत की बात यह थी कि वे इससे उबर चुके थे और बेंगलुरु के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में उन्होंने फिटनेस टेस्ट भी पास कर लिया था लेकिन इसके बाद जब वे मैदान पर ट्रेनिंग कर रहे थे, तभी उनके पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया.

हार्दिक पंड्या की चोट पर बड़ा अपडेट

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए हार्दिक पंड्या की चोट को लेकर कुछ और अहम जानकारियां सामने आई हैं. डॉक्टरों के मुताबिक, हार्दिक को जांघ की मांसपेशियों में हल्का खिंचाव आया है. इस चोट की वजह से मेडिकल टीम ने उन्हें किसी भी तरह का भारी काम करने या वजन उठाने से सख्त मना किया है. वे बेंगलुरु के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में ही रहकर डॉक्टरों की देखरेख में अपनी रिकवरी पूरी करेंगे.

हार्दिक की जगह किसे मिलेगा मौका

भारतीय सेलेक्टर्स ने अभी यह तय नहीं किया है कि वनडे स्क्वॉड में हार्दिक की जगह किसी खिलाड़ी को शामिल किया जाएगा या नहीं. वैसे टीम इंडिया के लिए राहत की बात यह है कि युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी पहले से ही इस वनडे स्क्वॉड का हिस्सा हैं, जो हार्दिक की कमी को पूरा कर सकते हैं.

कब होगा वापसी

इस नई चोट के कारण हार्दिक पंड्या कम से कम तीन सप्ताह तक क्रिकेट के मैदान से दूर रहेंगे. हालांकि, मेडिकल टीम को उम्मीद है कि वे जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से पहले पूरी तरह फिट हो जाएंगे.

हार्दिक ने कब खेला था आखिरी वनडे मैच

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से हार्दिक पांड्या ने कोई वनडे मैच नहीं खेला है, क्योंकि पिछले एक साल से उन्हें लगातार सिर्फ टी20 फॉर्मेट में ही आजमाया जा रहा था. हालांकि, अब भारतीय चयनकर्ताओं का पूरा ध्यान 2027 के वनडे वर्ल्ड कप पर है. यही वजह है कि हार्दिक को वनडे फॉर्मेट के लिए फ्रेश रखने के मकसद से आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए चुनी गई टी20 टीमों में शामिल नहीं किया गया.

इसे भी पढ़े- डर्टी पॉलिटिक्स के शिकार हुए बांग्लादेश के खिलाड़ी, टी20 वर्ल्ड कप पर लिटन दास का खुलासा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >