Sonam Wangchuk : सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. अस्पताल से जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि अब उनकी तबीयत पहले से काफी बेहतर है. उन्होंने बताया कि वह धीरे-धीरे खाना खाना शुरू कर चुके हैं और शरीर में ताकत भी वापस आ रही है.
'आपकी आवाज से आंदोलन सफल हुआ'
सोनम वांगचुक ने आंदोलन का समर्थन करने वाले लोगों का आभार जताते हुए कहा, "मैं दिल से आप सभी का धन्यवाद करता हूं कि आपने अपनी आवाज उठाई और इस आंदोलन को आगे बढ़ाया. हम सफल हुए." उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग और समर्थन की वजह से आंदोलन अपने मकसद तक पहुंच सका.
28 जून से आमरण अनशन पर थे वांगचुक
NEET पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में सोनम वांगचुक 28 जून से आमरण अनशन पर बैठे थे. उनकी तबीयत लगातार बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इसके बाद 23 जुलाई की देर रात उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से प्रमुख मांगों पर सहमति मिलने और लिखित आश्वासन के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया था.
राजघाट जाकर देंगे महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि
वांगचुक ने कहा कि अस्पताल से निकलने के बाद लद्दाख स्थित अपने घर जाने से पहले वह दिल्ली में राजघाट जाएंगे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. उन्होंने कहा कि बापू के विचारों और अहिंसा के रास्ते ने हमेशा उन्हें प्रेरित किया है. साथ ही उन्होंने कहा कि अब वह पूरी तरह स्वस्थ होकर आगे भी समाज और देश से जुड़े मुद्दों पर काम जारी रखेंगे.
ये भी पढ़ें : जंतर-मंतर ने दुनिया को दिखाया नया भारत, हमारा जेन-जी सबसे अलग
