Heavy Rain: झारखंड की राजधानी रांची में दोपहर बाद मौसम बदला और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार राज्यभर में 4 मई तक हल्की बारिश होने की संभावना है.
केरल में भारी बारिश; ऑरेंज अलर्ट जारी
केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने राज्य के छह जिलों कोल्लम, पथनमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया. आईएमडी ने गरज-चमक के साथ बारिश होने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है.
ऊटी में शाम के समय हुई बारिश
ऊटी में शाम के समय अचानक बारिश शुरू हो गई. ठंडी हवाओं और बारिश ने इस हिल स्टेशन को सुहावने मौसम से सराबोर कर दिया है. मॉनसून में देरी और बढ़ते तापमान के बीच, पर्यटकों को बड़ी इससे बड़ी राहत मिली है.
पश्चिम बंगाल में चार मई तक गरज-तूफान के साथ बारिश की संभावना
पश्चिम बंगाल में 4 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी से बहुत भारी बारिश और कलिम्पोंग में भारी बारिश की संभावना है. इस अवधि के दौरान पश्चिम बंगाल के उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुरा, पुरुलिया, हुगली और नदिया में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
ओडिशा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में भी बारिश
ओडिशा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में भी शाम के समय भारी बारिश हुई. जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. केदारनाथ धाम में हल्की बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है. रात के समय तापमान शून्य से नीचे गिर जाता है.
