Heavy Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूरे ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. बीती रात से हो रही भारी बारिश के मद्देनजर अधिकारियों ने मयूरभंज जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने की घोषणा की.
‘‘उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश-पश्चिम बंगाल तट पर बना अत्यधिक गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ गया है. इसके गंगा के पश्चिमी भाग से होते हुए झारखंड की ओर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है और यह अगले 12 घंटों के दौरान ‘अवदाब’ में बदल सकता है.’’ : मौसम विभाग
छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी मौसम खराब होने का अनुमान
मौसम विभाग ने ओडिशा में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने इस तंत्र के कारण गंगा के पश्चिमी भाग, छत्तीसगढ़ और झारखंड भी प्रभावित होंगे.
मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई
मौसम विभाग ने मौसम की स्थिति को देखते हुए मछुआरों को 14 अगस्त तक उत्तर बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी है.
बालासोर जिले के भोगराई में सबसे अधिक 236 मिलीमीटर बारिश हुई
भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बालासोर जिले के भोगराई में सबसे अधिक 236 मिलीमीटर बारिश हुई, इसके बाद मयूरभंज जिले के श्यामाखुंटा में 230 मिलीमीटर, बारीपदा में 215 मिलीमीटर और बालासोर के राजघाट में 204 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. गुरुवार की सुबह साढ़े पांच बजे तक बालासोर शहर में सबसे अधिक 137 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि मयूरभंज की सिमलीपाल पहाड़ियों से बहुत भारी बारिश की सूचना है.
भारी बारिश की वजह से नदियों का जलस्तर बढ़ा
मयूरभंज में हुई बहुत भारी बारिश के कारण बालासोर जिले की बूढ़ाबलंगा और जलका जैसी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. एक अधिकारी ने बताया कि बालासोर शहर के बड़े हिस्से में जलभराव की स्थिति बन गई है.
ये भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव क्षेत्र, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
