Video : धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ मेले की रौनक शुरू हो चुकी है, लेकिन इसी बीच एक ऐसी घटना हुई, जिसने लोगों को चौंका दिया. ललतारौ पुल के पास बीच बाजार में चलते-चलते सड़क अचानक धंस गई. इससे वहां से गुजर रही एक महिला सीधे गड्ढे में जा गिरी. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना के बाद लोग कांवड़ मेले और अर्धकुंभ की तैयारियों की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार (30 जुलाई) सुबह हरिद्वार के बाजारों में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ थी. इसी दौरान अपने परिजनों के साथ घूमने आई एक महिला ललतारौ पुल के पास एक होटल के सामने पहुंची. जैसे ही उसने सड़क पर कदम रखा, जमीन अचानक धंस गई और वह मिट्टी के साथ गड्ढे में जा गिरी. हादसा इतना अचानक हुआ कि महिला का आधा शरीर गड्ढे में समा गया. यह नजारा देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए. देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने तुरंत दौड़कर महिला को बाहर निकाला.
इस वीडियो को कांग्रेस ने भी एक्स पर शेयर किया है. वीडियो शेयर करते हुए कांग्रेस ने लिखा- BJP सरकार में सड़क पर पैदल चलना भी अब सेफ नहीं रहा. वीडियो हरिद्वार का है- जहां एक महिला चलते-चलते सड़क में समा गई. गनीमत रही कि साथी महिला ने उसे बचा लिया. साफ तौर पर ये BJP सरकार के भ्रष्टाचार और अनदेखी का नतीजा है, जहां कमीशनखोरी के चक्कर में जनता को मरने के लिए छोड़ दिया जा रहा है. शर्मनाक!
