सीबीआई ने उत्तर रेलवे के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी साकेत चंद्र श्रीवास्तव और उनकी पत्नी सौम्या श्रीवास्तव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में एफआईआर दर्ज की है. सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच-1, नई दिल्ली ने 19 अगस्त 2026 को यह मामला दर्ज किया. जांच अप्रैल 2021 से अप्रैल 2025 के बीच की संपत्ति और आय से जुड़ी है. एफआईआर के मुताबिक, इस अवधि में दंपती की संपत्ति करीब 1.49 करोड़ रुपये से बढ़कर 7.56 करोड़ रुपये हो गई. वहीं, दोनों की कुल आय करीब 1.80 करोड़ रुपये आंकी गई, जबकि खर्च लगभग 60.22 लाख रुपये बताया गया. आय और खर्च का हिसाब लगाने के बाद सीबीआई ने करीब 4.87 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति का आरोप लगाया है.
सीबीआई का कहना है कि सौम्या श्रीवास्तव ने कथित तौर पर अपने पति की संपत्ति जुटाने में मदद की. इससे पहले भी सीबीआई इस मामले की जांच कर चुकी है और छापेमारी के दौरान कथित तौर पर नकदी, गहने और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए थे. साकेत पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत, जबकि उनकी पत्नी पर भी इसी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है.
