सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
बाइक सवार युवक हाइवे पर पसरे मक्का पर फिसलकर गुजर रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया
छातापुर
भीमपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर के समीप एसएच 91 पर मक्का सुखाने के कारण गुरुवार देर शाम सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. बताया जाता है कि बाइक सवार युवक हाइवे पर पसरे मक्का पर फिसलकर गुजर रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया.
दुर्घटना का शिकार युवक ठूंठी पंचायत के विकास मित्र व चापीन निवासी उदयचंद ऋषिदेव का 20 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार बताया जा रहा है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया.
सूचना के बाद शुक्रवार को बीडीओ डॉ राकेश गुप्ता, सीओ राकेश कुमार, भीमपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश पांडेय के साथ दुर्घटना स्थल का जायजा लिया, जिसके बाद मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार राय, क्रांति झा, पंसस योगानंद यादव के साथ मृतक युवक के घर पहुंचे और हादसे पर दुख जताते परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
बलुआ बाजार से बाइक से घर लौट रहा था नीरज
जानकारी अनुसार गुरुवार देर शाम नीरज बाइक से बलुआ बाजार से घर लौट रहा था. हाइवे पर मक्के की ढेर पर बाइक फिसल गया और अनियंत्रित होकर सामने से गुजर रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया. मक्का सुखाने वाले किसान हादसे का शिकार युवक के परिजनों को सूचना देने या उसे अस्पताल पहुंचाने की बजाय हाइवे से अपना अपना मक्का हटाने में लग गये. किसी राहगीर द्वारा डायल 112 पर फोनकर इसकी सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस से मिली जानकारी के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और जख्मी युवक को अचेत अवस्था में सीएचसी नरपतगंज ले जाया गया. जहां चिकित्सक ने उपचार से पूर्व ही उसे मृत घोषित कर दिया. नीरज की मौत की खबर सुनते ही पिता व मां तेतरी देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना है. ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस व प्रशासन की उदासीनता के कारण कुछ किसान बेखौफ होकर हाइवे पर मक्का सुखाते हैं. इस संदर्भ में बीडीओ डॉ राकेश गुप्ता ने कहा कि यह हादसा बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है. मृतक के परिजनों को सरकारी स्तर से हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे. बताया कि हाइवे पर मक्का सूखाने वाले किसानों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई के लिए भीमपुर थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है.