जेबीपुर में वृद्धा की हत्या का आरोपी युवक गिरफ्तार

पुलिस का मानना था कि लूट की घटना में इस तरह नृशंस तरीके से हत्या अमूमन नहीं होती है.

होली के दिन हुड़दंग मचाने पर वृद्धा ने जतायी थी आपत्ति

हावड़ा. जेबीपुर थाना अंतर्गत संतोषपुर के मन्नापाड़ा इलाके में दुर्गा मंडल (70) नामक एक वृद्धा की बेरहमी से हत्या करने के मामले में पुलिस को सफलता मिली है. पुलिस ने इस घटना में एक स्थानीय युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम सानू मन्ना (30) है. यह वही युवक है, जिसने वृद्धा का घर तीन दिनों से बंद होने की सूचना देते हुए पड़ोसियों और पुलिस को मौके पर बुलाया था. घटना के पहले दिन से ही पुलिस हत्या के तरीके को लेकर हैरान थी. पुलिस का मानना था कि लूट की घटना में इस तरह नृशंस तरीके से हत्या अमूमन नहीं होती है. प्राथमिक पूछताछ में हत्या का कारण खुलासा हुआ है. पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है.

जानकारी के अनुसार, वृद्धा एक आवासीय भवन के तीसरी मंजिल पर रहती थी. होली के दिन, तीन मार्च को आरोपी इसी भवन के निचले तल्ले में एक कमरे में अपने दोस्तों को लेकर शराब पी रहा था. वहां एक युवती भी थी. काफी शोर-शराबा होने पर वृद्धा ने आपत्ति जतायी और आस-पास के लोगों को बुला लिया. लोगों ने उसकी पिटाई कर दी. मामला उस समय वहीं शांत हो गया. उसी दिन रात को सानू वृद्धा के घर पहुंचा. वृद्धा घर पर अकेली रहती थी. दरवाजा खोलने पर उसने वृद्धा से कहा कि वह माफी मांगने और होली के मौके पर पैर में गुलाल लगाने आया है. वृद्धा उसके इरादों को समझ नहीं सकी. वह घर के अंदर घुस गया. घर के अंदर घुसते ही उसने वृद्धा पर ताबड़-तोड़ हमला बोल दिया. वृद्धा की सिर को जमीन पर पटका और संडासी मुंह में घुसा दिया. हत्या करने के बाद उसने बाहर से ताला लगा दिया. तीन दिन बीतने के बाद उसने खुद पड़ोसियों को वृद्धा का घर तीन दिनों से बंद होने की सूचना दी और पुलिस को बुलाया. मौके पर पहुंची पुलिस भी दंग रह गयी. पुलिस पहले ही दिन से इसे लूटपाट की घटना नहीं मान रही थी. अंतत: पुलिस को सफलता मिली और रविवार सुबह आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >