कोडरमा बाजार. कोडरमा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने एक नाबालिग लड़की के घर से दो नाबालिग लड़कों को पकड़ लिया. बताया गया कि दोनों रविवार की देर रात लड़की के घर पहुंचे थे. सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद वे लड़की के घर पहुंच गये और दोनों को पकड़ लिया.
ग्रामीणों ने लड़की और दोनों लड़कों को बिजली के खंभे से बांधकर पिटाई की. आरोप है कि तीनों को गांव में घुमाया गया और बाद में खंभे से रस्सी से बांधकर माफी मंगवाई गयी. ग्रामीणों ने भविष्य में इस तरह की घटना नहीं करने की हिदायत भी दी.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों लड़कों को हिरासत में लेकर थाना ले गयी. ग्रामीणों का आरोप था कि दोनों लड़के पिछले दो-तीन दिनों से लड़की से मिलने उसके घर आ रहे थे.
मां की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज
थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि पकड़े गये दोनों आरोपी नाबालिग हैं. थाना प्रभारी के अनुसार घटना को लेकर लड़की की मां ने दोनों के खिलाफ घर में घुसकर बेटी से दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी के आधार पर दोनों आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजने की तैयारी की जा रही है.
