रक्सौल में दो उर्वरक दुकानों पर छापेमारी, सील कर दर्ज हुई प्राथमिकी

रक्सौल में प्रशासन ने उर्वरकों की अवैध बिक्री और अनियमितताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दुकानों को सील कर प्राथमिकी दर्ज की है।

रक्सौल : अनुमंडल प्रशासन ने उर्वरकों की अवैध बिक्री और अनियमितताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार देर रात हरैया थाना क्षेत्र में दो उर्वरक दुकानों पर संयुक्त छापेमारी की. यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद के नेतृत्व में की गई. छापेमारी दल में एसएसबी, हरैया थाना पुलिस तथा कृषि विभाग के पदाधिकारी शामिल थे. गुप्त सूचना के आधार पर शहर के परेउवा ढाला स्थित मनीष खाद एवं बीज भंडार तथा श्री राम कृषि सेवा केंद्र की जांच की गई. अधिकारियों ने दुकानों के अभिलेख, उर्वरकों का स्टॉक, लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया. जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर कृषि विभाग द्वारा विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार की गई. रिपोर्ट के आधार पर दोनों दुकानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया. साथ ही, संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश के प्रावधानों के तहत हरैया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा तथा उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी दुकानदार के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने उर्वरक विक्रेताओं को निर्धारित नियमों का पालन करने तथा किसानों से भी किसी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल संबंधित विभाग या प्रशासन को देने की अपील की है. छापेमारी के दौरान हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार सहित संबंधित विभाग के कर्मी व पुलिस जवान मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ajit kumar

Published by: Janardan Pandey

अजीत कुमार सिंह प्रिंट माध्यम में 28 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >