उस्मान हादी की हत्या के दो आरोपी बनगांव से गिरफ्तार

शरीफ उस्मान हादी की हत्या के दो आरोपियों को पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शनिवार की रात उत्तर 24 परगना के बनगांव स्थित भारत-बांग्लादेश सीमावर्ती इलाके से गिरफ्तार किया है.

संवाददाता, कोलकाता

बांग्लादेश में छात्र आंदोलन का प्रमुख चेहरा माने जाने वाले व वहां के चर्चित युवा राजनीतिक नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के दो आरोपियों को पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शनिवार की रात उत्तर 24 परगना के बनगांव स्थित भारत-बांग्लादेश सीमावर्ती इलाके से गिरफ्तार किया है. दोनों यहां छिपे हुए थे और अवैध तरीके से ही बांग्लादेश वापस भागने की कोशिश में थे. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ फैजल करीम मसूद उर्फ फैयसल और आलमगीर हुसैन के रूप में हुई है.

एसटीएफ के अनुसार, फैजल बांग्लादेश के पटुआखाली का निवासी है, जबकि आलमगीर का घर ढाका में है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी हादी की हत्या के बाद बांग्लादेश से फरार होकर मेघालय सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे. इसके बाद वे विभिन्न जगहों पर छिपते हुए अंततः पश्चिम बंगाल के बनगांव के सीमावर्ती इलाके में आकर ठिकाना बनाये हुए थे. जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी मौका मिलते ही सीमा पार कर फिर से बांग्लादेश लौटने की फिराक में थे. मुखबिरों से एसटीएफ को हादी हत्याकांड से जुड़े अहम दो आरोपियों के बनगांव में छिपे होने की भनक मिली थी, जिसके बाद उन्हें योजनाबद्ध तरीके से गिरफ्तार कर लिया गया. बांग्लादेश पुलिस ने अपनी जांच में फैजल को इस हत्या का मुख्य आरोपी बताया था.

हत्या के बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल रहे थे. एसटीएफ ने अभियान चलाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. राज्य पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है. इस गिरफ्तारी को हादी हत्याकांड की जांच में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में हत्या की साजिश और इसके पीछे के अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. फिलहाल मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. यह बात सामने आ रही है कि बांग्लादेश पुलिस ने भी आरोपियों को अपने कब्जे में लेने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

पिछले साल 12 दिसंबर को हादी को मारी गयी थी गोली

दरअसल 12 दिसंबर, 2025 को बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पास पुरातन कलवर्ट रोड इलाके में हादी को दिनदहाड़े गोली मार दी गयी थी. नमाज पढ़कर लौटते समय उन पर हमला किया गया था. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनका पहले ढाका में इलाज किया गया और बाद में बेहतर चिकित्सा के लिए सिंगापुर भेजा गया. हालांकि, 18 दिसंबर की रात सिंगापुर के अस्पताल में उनकी मौत हो गयी थी. इस घटना के बाद बांग्लादेश में हिंसक प्रदर्शन हुए. साथ ही भारी राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रिया देखने को मिली थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >