बिहपुर प्रखंड अंतर्गत हरियो पंचायत के महेशपुर गांव में रविवार को कोशी नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गयी. गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतकों की पहचान महेशपुर गांव के वार्ड 13 के कैप्टन यादव का पुत्र लक्षमण कुमार (13), पिंटू यादव का पुत्र युवराज कुमार उर्फ प्रीतम (14) तथा शंकर शर्मा का पुत्र नयन कुमार (12) के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार गांव के पांच दोस्त कोशी नदी में नहाने गये थे. अचानक गहरे पानी में चले जाने से तीन बच्चे डूब गये, जबकि दो बच्चे किसी तरह अपनी जान बचा कर बाहर निकल आये और गांव में जाकर घटना की जानकारी दी. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने नदी थानाध्यक्ष केशव चंद्रा को जानकारी दी. थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. एनडीआरएफ टीम को सूचित किया गया. मौके पर मौजूद जिप प्रतिनिधि चंदन भारतद्वाज, हरियों पंचायत के सरपंच राजकिशोर राजपाल और पूर्व मुखिया पवन कुमार साह ने बताया कि नवगछिया में एनडीआरएफ टीम की स्थायी व्यवस्था नहीं रहने से ऐसी घटनाओं में काफी परेशानी होती है. जिले से टीम आने में काफी समय लग जाता है, जिससे कई बार शव भी समय पर नहीं मिल पाता. इस घटना में भी एनडीआरएफ की टीम करीब पांच घंटे बाद पहुंची. सरपंच राजकिशोर राजपाल ने आरोप लगाया कि बिहपुर सीओ को कई बार फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं किया.नवगछिया एसडीओ रोहित कर्दम को सूचना दी गयी, जिसके बाद एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और काफी खोजबीन के बाद तीनों बच्चों के शव को नदी से बाहर निकाला गया. नदी थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही बिहपुर बीडीओ सत्यनारायण पंडित भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इस हादसे के बाद महेशपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है.
Bhagalpur news कोशी नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत

Bhagalpur news कोशी नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत
Copied link
हरियो पंचायत के महेशपुर गांव में रविवार को कोशी नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गयी.