तेज हवा और बारिश से कमारबासा-आराहासा में भारी नुकसान, ग्रामीणों ने मांगी राहत फोटो कैप्शन (26 आरजेएन 01) कमारबासा गांव में क्षतिग्रस्त घर राजनगर —– राजनगर प्रखंड क्षेत्र में बीते सोमवार को आई तेज आंधी, तूफान और बारिश ने कई गांवों में भारी तबाही मचा दी. तेज हवा के कारण कई गरीब परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हो गये, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने रहने और दैनिक जीवन की समस्या उत्पन्न हो गयी है. अचानक आये तूफान से ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.कई जगहों पर घरों की छत उड़ गयी, जबकि कुछ मकानों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गयीं. जानकारी के अनुसार पोटका पंचायत अंतर्गत कमारबासा गांव निवासी करिया हेम्ब्रम का एजबेस्टस घर तेज हवा की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं आराहासा गांव में बीटी केराई के एजबेस्टस घर को भी भारी नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा शुरुकुनी पुर्ति, अनिता जारिका, कुनी जारिका और सुशील कुमार जारिका के टाली घरों की छत तेज हवा में उड़ गयी. इसी प्रकार बीटा गांव में भी एक घर के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है. हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन गरीब परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. घटना की सूचना मिलते ही पोटका पंचायत की मुखिया रजनी जारिका प्रभावित गांवों कमारबासा और आराहासा पहुंचीं. उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और ग्रामीणों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. मुखिया ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता मिलनी चाहिए, ताकि वे फिर से अपने घरों की मरम्मत कर सामान्य जीवन जी सकें. उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की. वहीं दूसरी ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा की टीम भी पीड़ित परिवारों के समर्थन में सामने आयी. झामुमो बुद्धिजीवी मोर्चा के जिलाध्यक्ष दुर्गा लाल मुर्मू एवं भक्तु मार्डी ने अंचलाधिकारी श्रवण कुमार झा से मुलाकात की. उन्होंने प्रभावित गांव आराहासा एवं कमारबासा की स्थिति से अवगत कराते हुए पीड़ित परिवारों को जल्द राहत सामग्री और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की.
तेज हवा और बारिश से कमारबासा-आराहासा में भारी नुकसान, ग्रामीणों ने मांगी राहत
तेज हवा और बारिश से कमारबासा-आराहासा में भारी नुकसान, ग्रामीणों ने मांगी राहत
