हॉस्टल में 10 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने शिक्षकों पर लगाया हत्या का आरोप, दो गिरफ्तार

बगहा के एक निजी विद्यालय सह छात्रावास में 10 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है. परिजनों ने शिक्षकों पर बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शिक्षकों को गिरफ्तार कर गहन पूछताछ शुरू कर दी है.

Bagaha Student Death: बगहा पुलिस जिला के लौकरिया थाना क्षेत्र स्थित हरनाटांड़ के एक निजी विद्यालय सह छात्रावास (हॉस्टल) में रह रहे 10 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़िहारी कर्माहा टोला वार्ड-15 निवासी राजकिशोर शर्मा के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. इस दर्दनाक घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने विद्यालय के दो शिक्षकों पर बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद शिक्षकों को गिरफ्तार कर गहन पूछताछ शुरू कर दी है.

आंख और पीठ पर चोट के निशान देख परिजनों का हंगामा

जानकारी के अनुसार. मासूम प्रिंस कुमार कौटिल्य पब्लिक स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था. शुक्रवार की सुबह उसका शव हॉस्टल के कमरे में बेड पर संदेहास्पद स्थिति में पड़ा मिला. घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. सूचना पाकर रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंचे और बच्चे की हालत देख हत्या का आरोप लगाते हुए परिसर में जमकर हंगामा किया. परिजनों का आरोप है कि गुरुवार की शाम विद्यालय के शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार ने बच्चों के साथ गंभीर मारपीट की थी. परिजनों का कहना है कि प्रिंस के शरीर. विशेषकर उसकी आंख और पीठ पर चोट के स्पष्ट निशान मौजूद थे. जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है.

एसडीपीओ पहुंचे मौके पर, वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी फॉरेंसिक टीम

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी. बगहा एसडीपीओ निहार भूषण. लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार तथा फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया. पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध एवं हत्या से जुड़ा प्रतीत होता है. लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा. पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Jay prakash verma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >