कुपोषण पर सख्त हुई राज्य खाद्य आयोग की नजर

कुपोषण पर सख्त हुई राज्य खाद्य आयोग की नजर

– पोषण पुनर्वास केंद्र का किया औचक निरीक्षण कटिहार जिले में कुपोषण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बिहार राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रहलाद कुमार सरकार ने गुरुवार की रात सदर अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में भर्ती कुपोषित बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा उपचार व्यवस्था का गहन जायजा लिया. आयोग अध्यक्ष के अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया. निरीक्षण के दौरान सरकार ने भर्ती बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली. चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों से उपचार संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, दवा उपलब्धता तथा देखभाल की व्यवस्था का अवलोकन किया. साथ ही बच्चों के अभिभावकों को दी जा रही पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श सेवाओं की भी जानकारी प्राप्त की. इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र नाथ सिंह, डीपीएम डॉ किसलय कुमार, अस्पताल प्रबंधक चंदन कुमार सिंह समेत अस्पताल के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे. आयोग अध्यक्ष ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कुपोषण जैसी गंभीर समस्या से निपटने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने अस्पताल प्रशासन को केंद्र में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने, भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा बच्चों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही उपलब्ध संसाधनों, भर्ती बच्चों की संख्या और केंद्र की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की. राज्य खाद्य आयोग अध्यक्ष के इस औचक निरीक्षण को कुपोषण के खिलाफ सरकारी प्रयासों को मजबूती देने और स्वास्थ्य सेवाओं में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >