पडुरी गांव में दिनदहाड़े भगिना ने मामा की गोली मारकर की हत्या
Copied link
नासरीगंज. थाना क्षेत्र के पडुरी गांव में बुधवार की सुबह करीब नौ बजे रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आयी है. बिक्रमगंज-डेहरी मुख्य पथ पर दिनदहाड़े एक
नासरीगंज.
थाना क्षेत्र के पडुरी गांव में बुधवार की सुबह करीब नौ बजे रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आयी है. बिक्रमगंज-डेहरी मुख्य पथ पर दिनदहाड़े एक भगिना ने अपने ही मामा की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान पडुरी निवासी 60 वर्षीय वैद्यनाथ पांडेय के रूप में हुई है. सरेआम हुई इस हत्या से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और ग्रामीण दहशत में हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
बेटे के सामने ही सीने में उतार दी गोली:
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के पुत्र सोनू पांडेय ने थाने में दिये आवेदन में रंजीत मौआर और गोपाल राय सहित तीन अन्य लोगों को नामजद आरोपित बनाया है. सोनू ने पुलिस को बताया कि वह अपने पिता वैद्यनाथ पांडेय के साथ मुख्य सड़क किनारे पान खाने पहुंचे थे. इसी दौरान एक कार वहां रुकी, जिससे उनका फुफेरा भाई (भगिना) रंजीत मौआर और मौसेरे भाई गोपाल राय नीचे उतरे. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, रंजीत ने नजदीक से उनके पिता के सीने में गोली दाग दी. गोली लगते ही वैद्यनाथ पांडेय जमीन पर गिर पड़े. बेटा उन्हें संभालने की कोशिश करता रहा, लेकिन दोनों आरोपित कार से फरार हो गये. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
25 बीघा जमीन और जेवर बने हत्या की वजह
वारदात की सूचना पाकर नासरीगंज थानाध्यक्ष अविनाश कुमार और अंचल निरीक्षक कुणाल कृष्ण दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने भी घटनास्थल का मुआयना किया. डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की जड़ पैतृक संपत्ति और पुराने आभूषणों से जुड़ा पारिवारिक विवाद प्रतीत हो रहा है. मृतक वैद्यनाथ पांडेय अपने पिता स्वर्गीय वकील पांडेय के इकलौते पुत्र थे और उन्हें विरासत में लगभग 25 बीघा कृषि योग्य जमीन मिली थी. उनकी दो बहनें थीं, जिनकी शादी अलग-अलग गांवों में हुई थी, लेकिन वे पैतृक घर के सामने ही अलग मकान बनाकर रह रही थीं. जमीन के बंटवारे और पुराने जेवरों को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव व्याप्त था.
पुलिस की छापेमारी जारी
बताया जाता है कि बुधवार सुबह भी इसी विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसने अचानक हिंसक रूप ले लिया. आरोपित रंजीत मौआर और गोपाल राय ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया. डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गयी हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. दिनदहाड़े मुख्य सड़क पर हुई इस हत्या से समाज में सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.