घुसपैठियों को भेजेंगे बांग्लादेश
भाजपा सांसद ने नैहाटी में परिवर्तन यात्रा की सभा को किया संबोधित
बोले- बंगाल की अस्मिता बचाने के लिए तृणमूल सरकार का जाना जरूरी
संवाददाता, बैरकपुर बंगाल में मतदाता सूची में एक भी अवैध वोटर नहीं रहेंगे और घुसपैठिये बांग्लादेश भेजे जायेंगे. यह कहना है पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर का. रविवार को उत्तर 24 परगना के नैहाटी विधानसभा में परिवर्तन यात्रा के तहत एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री ठाकुर ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला. श्री ठाकुर ने कहा कि ममता बनर्जी बंगाल में एक तरफ राष्ट्रपति और राज्यपाल का विरोध करती हैं, तो दूसरी तरफ घुसपैठियों व माफियाओं का स्वागत करती हैं. ममता राज्य की मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि माफिया, जिहादियों और घुसपैठियों की कायदे आजम हैं. बंगाल की अस्मिता व संसाधनों की रक्षा के लिए तृणमूल सरकार का जाना व भाजपा सरकार का आना नितांत आवश्यक है. अनुराग ठाकुर ने कहा कि राज्य विधानसभा चुनाव बांग्ला स्वाभिमान, बांग्ला संस्कृति और बंगाल के अस्तित्व की रक्षा का चुनाव है. बंगाल में लंबे समय से बांग्लादेशी घुसपैठ जारी है. कांग्रेस से लेकर माकपा और तृणमूल ने योजनाबद्ध तरीके से बंगाल में बांग्लादेशियों की घुसपैठ करवाया, क्योंकि ये घुसपैठिये इनके लिए वोट बैंक हैं और इनके ही सहारे यह चुनाव जीतते हैं. श्री ठाकुर ने कहा कि तृणमूल के राज में स्कूल-कॉलेज तक में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. पीड़ितों को न्याय के लिए बार-बार कोर्ट के चक्कर काटने पड़ते हैं. माकपा और तृणमूल, दोनों ने बंगाल पर 50 साल तक राज किया. बंगाल पिछले पांच दशकों से कुशासन झेल रहा है. आज बंगाल को सुशासन की जरूरत है. अगर बंगाल को सुशासन के दो दशक मिलते हैं, तो बंगाल को भारत के सबसे विकसित राज्य बनने से कोई नहीं रोक सकता है और यह सुशासन सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही दे सकती है.उन्होंने कहा कि आज बंगाल में हिंदू सुरक्षित नहीं हैं. हमारे मंदिर सुरक्षित नहीं हैं. हमारी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. जज सुरक्षित नहीं हैं. राज्य सुरक्षित नहीं है, यहां तक कि गाय-बैल भी सुरक्षित नहीं हैं. बंगाल के विकास का झूठा सपना दिखाकर सत्ता में आयीं ममता दीदी ने बीते 15 साल में कर्ज के दलदल में पहुंचा दिया है. कर्ज के मामले में पश्चिम बंगाल देशभर में पहले स्थान पर है. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल पर आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है. बंगाल को बर्बाद करने में ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल ने कोई कसर नहीं छोड़ी है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बंगाल के कल्याण के लिए पूरी मेहनत कर रही है. सभा में मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, बैरकपुर के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह, बैरकपुर सांगठनिक जिला भाजपा के अध्यक्ष तापस घोष, भाजपा नेता कौस्तुभ बागची समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे.
