महुआ. महुआ थाना क्षेत्र के मेघपुर सिंघाड़ा गांव में पुलिस ने छापेमारी कर उमाशंकर सिंह के पुत्र अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है. जबकि इसी गांव के रमेश सिंह के पुत्र मुकेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार युवक पर सोशल मीडिया पर मुंह में जिंदा गोली और शराब का बोतल लेकर तस्वीर साझा करने का आरोप है. जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने एक प्राथमिकी दर्ज कर मेंघपुर सिंघाड़ा निवासी अभिषेक और मुकेश कुमार को आरोपित किया है.
जिसमें दोनों युवकों पर ज़िंदा गोली और शराब बोतल के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर कर गांव और मुहल्ले के लोगों को डराने धमकाने का आरोप है. थानाध्यक्ष श्री प्रसाद ने प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही एक अभियुक्त अभिषेक कुमार को गिरफ्तार भी कर लिया. जिससे विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है. जबकि दूसरे अभियुक्त मुकेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए कांड के अनुसंधान पदाधिकारी सह सब इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह लगातार छापेमारी कर रहे है. पुलिस पदाधिकारियों का दावा है कि जल्द ही फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
