चोरी की दो बाइक के साथ चार आरोपित गिरफ्तार
गरही थाना पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान बोझायत गांव निवासी सोनू कुमार के रूप में है
खैरा.
गरही थाना पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान बोझायत गांव निवासी सोनू कुमार के रूप में है. थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गयी, जिसमें युवक को एक ग्लैमर बाइक के साथ पकड़ा गया. जांच के दौरान बरामद बाइक नवादा टाउन थाना क्षेत्र से करीब एक माह पूर्व चोरी हुई पायी गयी. पुलिस ने बाइक जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. दूसरी ओर गरही थाना पुलिस ने रोपावेल गांव में कार्रवाई करते हुए चोरी की एक अन्य बाइक के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में रोपावेल भलुआही गांव निवासी राहुल कुमार पिता प्रकाश रविदास, प्रदीप कुमार पिता संजय रविदास तथा शिवकुमार पिता सीताराम रविदास शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से होंडा मोटरसाइकिल संख्या बीआर 46T 5861 तथा ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या जेएच 09 एएम 2100 बरामद की है. पुलिस ने दोनों मामलों में बरामद मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है. सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है.