डीएम ने किया रूफटॉप सोलर प्लांट का निरीक्षण
डीएम ने कहा, सोलर पैनल की स्थापना पर जिले के विभिन्न बैंक लोगों को कम ब्याज दर पर दे रहे ऋण
अररिया. डीएम विनोद दूहन ने गुरुवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अररिया नगर क्षेत्र में स्थापित रूफटॉप सोलर पावर प्लांट का निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने सोलर प्लांट की कार्यप्रणाली व इससे मिलने वाले लाभों के विषय में जरूरी पड़ताल की. जिलाधिकारी ने वहां उपस्थित उपभोक्ताओं से संवाद कर उन्हें अपने घर की छतों पर रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित करने के लिये प्रेरित किया. मौके पर जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपने घर की छतों पर रूफटॉप सोलर पावर प्लांट लगा कर पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील की. डीएम ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घर के छतों पर सोलर पैनल लगाने पर 1 किलोवाट पर 30 हजार रुपये की सब्सिडी, 2 किलोवाट का प्लांट लगाने पर 78 हजार रुपये की सब्सिडी व तीन किलोवाट या इससे अधिक क्षमता वाले सोलर पैनल लगाने पर 78 हजार रुपये की सब्सिडी भारत सरकार द्वारा दिये जाने की जानकारी दी. डीएम ने कहा कि सोलर पैनल की स्थापना पर जिले के विभिन्न बैंकों द्वारा लोगों को कम ब्याज दर पर ऋण मुहैया कराया जा रहा है. ऐसे में घरेलू उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठाकर अपने घरों पर आसानी से रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित कर कर इस पर मिलने वाले सरकारी अनुदान का लाभ उठा सकते हैं. निरीक्षण के क्रम में सदर एसडीओ बलबीर दास, डीआरडीए निदेशक सौरभ कुमार, वरीय उपसमाहर्ता चंद्रशेखर यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अ शंभू कुमार रजक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक निदेशक सुबोध कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता अररिया गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
