प्रतिनिधि,छपरा. निदेशक जनगणना कार्य सह नागरिक निबंधन रंजीता ने गुरुवार को जिले के सोनपुर नगर परिषद में चल रहे जनगणना के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के हेतु आयोजित प्री-टेस्ट कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने सीधे फिल्ड में पहुंचकर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने रैंडम तौर पर कई प्रगणक द्वारा एचएलओ मोबाइल ऐप भरे गए सूचनाओं की जांच की. वे सीधे गणना किए गए मकान पर पहुंची और मकान मालिक से भरे गए प्रश्नों के उत्तर का मिलान कराया. इस दौरान उन्होंने परिवार के मुखिया का नाम, आयु, पेशा, जन्म तिथि, माता, पिता, जन्मस्थान, वैवाहिक स्थिति, भाषा, शिक्षा, कोविड टीकाकरण, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, मोबाइल नंबर आदि के बारे में पूछते हुए ऐप में भरे गए डेटा की जांच की. इस दौरान उन्होंने विभिन्न बिंदुओं को चिन्हित करते हुए आवश्यक सुधार का निदेश दिया.
प्रगणकों को प्रश्नों का कांसेप्ट समझते हुए उन्हें भरने का निदेश दिया. निदेशक ने कहा कि प्री-टेस्ट का बहुत अधिक महत्व है. इससे फिल्ड में आने वाली दिक्कतों, ऐप में आवश्यक सुधार, प्रश्नों में बदलाव आदि का फीड बैक निदेशालय को प्रेषित किया जाना है. ताकि मुख्य कार्य के समय दिक्कत का समाधान समय रहते किया जा सके.
उन्होंने प्रगणकों से फीड बैक लेते हुए फिल्ड में प्रश्नों का उत्तर जानने में आने वाली समस्या, ऐप की गुणवत्ता, एक परिवार और एक व्यक्ति की गणना करने में लगने वाले समय आदि के बारे में जानकारी हासिल की. उन्होंने प्रगणकों से होने वाली त्रुटियों को चिन्हित करते हुए चार्ज अधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी शशि कुमार को निदेश दिया कि वे नियमित रूप से प्रगणकों के द्वारा भरे गए डेटा की शुद्धता और क्वालिटी की जांच करें. लोगों से सहयोग प्राप्त करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग प्राप्त करें. आम लोगों में जनजागरण के द्वारा अधिक से अधिक जानकारी पहुंचाएं ताकि लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके.
निदेशक ने एसआरएस यूनिट में जाकर जन्म मृत्यु के बायोप्सी टेस्ट की जांच की. उस परिवार से मिलीं जहां मृत्यु हुई थी. उन्होंने मृत्यु के कारणों सहित केस हिस्ट्री का सत्यापन किया. इसी प्रकार बच्चे के जन्म वाले और गर्भ धारण वाले परिवार में भी गयीं और केस हिस्ट्री का मिलान व सत्यापन किया. इस अवसर पर जनगणना निदेशालय के उप निदेशक हेमंत कुमार, सहायक निदेशक शिवेन्द्र कुमार, जिला संख्यकी पदाधिकारी अंजनी कुमार लाल, एसडीएम स्निग्धा नेहा, जिला नोडल अदिति आनंद, आयुषी कुमारी सहायक चार्ज अधिकारी रईस अहमद, बीपीआरओ राजेश प्रसाद, जिला कोषांग के सुनील कुमार, संतोष कुमार, राकेश कुमार सिन्हा आदि उपस्थित थे.
