Dhanbad News: झरिया विधायक के आवास में देर रात चले बम, सुरक्षा हुई सख्त

सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास सिंह मेंसन में रविवार देर रात दो बम चलने से अफरातफरी मच गयी. घटना के समय विधायक रागिनी सिंह, पूर्व

सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास सिंह मेंसन में रविवार देर रात दो बम चलने से अफरातफरी मच गयी. घटना के समय विधायक रागिनी सिंह, पूर्व विधायक संजीव सिंह घर के अंदर ही थे. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन धमाके से आसपास के लोग सहम गए और घरों से बाहर निकल आए. बम चलने के बाद सिंह मेंसन की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. पुलिस के अनुसार सुतली बम चलाया गया है.

सिटी, ग्रामीण एसपी पहुंचे सिंह मेंसन, ली जानकारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा में हड़कंप मच गया. सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी समेत सरायढेला व धनबाद थाना से पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. स्थिति का जायजा लिया. पुलिस अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और सिंह मेंसन के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी.

दो जगहों पर फेंके गए सुतली बम

पुलिस के अनुसार पहला सुतली बम रात के लगभग 11.20 बजे झरिया विधायक के आवास सिंह मेंशन के अंदर फेंका गया, जबकि दूसरा बम बाहर सड़क की ओर फेंका गया. दोनों धमाके लगभग एक ही समय पर हुए. जिससे लोगों को किसी बड़ी साजिश की आशंका हुई. धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के कई घरों के लोग नींद से जाग गए. कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके के बाद कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बम फेंकने वाले कितने लोग थे और किस दिशा में भागे.

बम से हमले के बाद काले रंग की कार से भागते दिखें कुछ लोग

जिस वक्त सिंह मेशन पर हमला हुआ, उस दौरान बंगले के अंदर झरिया विधायक के समर्थक मौजूद थे. जानकारी के अनुसार हमले से कुछ देर पहले ही संजीव सिंह बंगले में पहुंचे थे. उनके पहुंचने के कुछ देर के बाद ही हमला हुआ. बम से हुए धमाके की आवाज सूनकर कुछ समर्थक बाहर की ओर निकले. समर्थकों के अनुसार उन्होंने काले रंग की एसयूवी कार से कुछ लोगों को रिकॉर्डिंग करते भागते हुए देखा.

पुलिस ने घेराबंदी कर शुरू की जांच

घटना के बाद सरायढेला थाना पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से सुतली बम के अवशेष बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब सिंह मेंशन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. बंगले के अंदर और बाहर लगे कैमरों से हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. इसके अलावा आसपास के घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके.

कोट :कुछ लोगों द्वारा सिंह मेंशन के बाहर और अंदर सुतली बम फेंका गया है. सूचना मिलते ही पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है. बंगले और आसपास के सीसीटीवी कैमरा खंगाला जा रहा है. जो भी इस घटना में शामिल है, पुलिस उसे जल्द गिरफ्तार करेगी.

ऋित्विक श्रीवास्तव, सिटी एसपी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >