Bhagalpur news आठ दिनों से नल-जल बंद, दिग्घी गांव में गहराया पेयजल संकट

सुलतानगंज प्रखंड के करहिया पंचायत अंतर्गत दिग्घी गांव के वार्ड 13 में पिछले आठ दिनों से पेयजल संकट गहराया है. नल-जल योजना का मोटर खराब होने से पानी की आपूर्ति

सुलतानगंज प्रखंड के करहिया पंचायत अंतर्गत दिग्घी गांव के वार्ड 13 में पिछले आठ दिनों से पेयजल संकट गहराया है. नल-जल योजना का मोटर खराब होने से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गयी है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि नल-जल योजना ही गांव में पेयजल का मुख्य स्रोत है. मोटर खराब होने के बाद से गांव के लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए पानी जुटाना मुश्किल हो गया है. महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. वार्ड प्रतिनिधि सुधांशु कुमार ने बताया कि मोटर खराब होने की सूचना तत्काल पीएचईडी विभाग को दे दी गयी थी. उन्होंने कहा कि आठ मार्च को मिस्त्री मोटर खोल कर मरम्मत के लिए ले गया था, लेकिन आठ दिन बीतने के बाद भी अब तक मोटर ठीक कर वापस नहीं लगाया गया है. कई बार विभाग को जानकारी देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है. उन्होंने बताया कि पानी की आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों को डेढ़ किलोमीटर दूर से पेयजल लाना पड़ रहा है. लोग किसी तरह टोटो या अन्य साधनों के सहारे पानी ढोकर अपने घर तक पहुंचा रहे हैं. राजद पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि वार्ड में करीब 1200 की आबादी इस समस्या से प्रभावित है. मोटर खराब होने से पूरे इलाके में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है. स्थिति यह है कि गांव के अधिकतर चापाकल खराब पड़े हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गयी है. ग्रामीणों को किरणपुर गांव करीब डेढ़ किलोमीटर दूर से पानी लाकर अपने दैनिक कार्यों को पूरा करना पड़ रहा है. लगातार आठ दिनों से पानी की समस्या झेल रहे ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्रामीणों ने विभाग से अविलंब मोटर की मरम्मत कर नल-जल योजना को चालू करने की मांग की है, ताकि लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: JITENDRA TOMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >