सिमडेगा. जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सिमडेगा के तत्वावधान में गुरुवार को जिला नियोजनालय कार्यालय परिसर में रोजगार मेला लगा. इसमें स्थानीय सहित झारखंड राज्य के बाहर के कुल 15 नियोक्ता संस्थानों ने भाग लिया. विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए नियोक्ताओं द्वारा अभ्यर्थियों का ऑन-स्पॉट साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया आयोजित की गयी. रोजगार मेले में कुल 256 अभ्यर्थियों ने भाग लिया.
इनमें से 150 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया तथा विभिन्न संस्थानों में नियुक्ति के लिए 43 अभ्यर्थियों का चयन किया गया. चयनित अभ्यर्थियों में से पांच अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किया गया.
रोजगार मेले में प्रेजा फाउंडेशन, सेवा सहयोग, एलआइसी, प्रथम फाउंडेशन, एक्सेल डेटा सर्विसेज, रांची सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड, शिक्षा, प्रेमसंस बजाज, छोटानागपुर कल्याण निकेतन, शुभम इंटरप्राइजेज सहित कुल 15 नियोक्ता संस्थान शामिल हुए. इन संस्थानों द्वारा विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष रोज प्रतिमा सोरेंग एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में कोलेबिरा विधायक प्रतिनिधि शमी आलम, नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा, नगर परिषद उपाध्यक्ष रिंकू अग्रवाल एवं जिला नियोजन पदाधिकारी अजय कुमार उपस्थित थे. इस मौके पर शमी आलम ने नियोजनालय में निबंधित अधिक से अधिक अभ्यर्थियों तक नियोजनालय की गतिविधियों एवं रोजगार से संबंधित अवसरों की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया.
रोज प्रतिमा सोरेंग ने कौशल विकास की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को अपने कौशल के अनुरूप रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ने की सलाह दी. ओलिवर लकड़ा ने अभ्यर्थियों को नियोजन कार्यालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों से जुड़कर लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया.
