‘Toxic’ के बाद बदल जाएगी कियारा आडवाणी की पहचान? यश ने एक्ट्रेस के किरदार को लेकर कही ये बात...

कियारा आडवाणी यश अभिनीत 'टॉक्सिक' से मां बनने के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं. फिल्म में उनके नादिया किरदार को काफी चुनौतीपूर्ण और अलग बताया जा रहा है, जिससे उनकी अभिनय छवि बदलने की उम्मीद है.

यश और कियारा आडवाणी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक : ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है. फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कलाकारों ने अपने किरदारों और फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए. इस दौरान सबसे ज्यादा चर्चा कियारा आडवाणी के किरदार नादिया को लेकर रही. वहीं, मां बनने के बाद कियारा पहली बार किसी फिल्म के प्रचार से जुड़े कार्यक्रम में नजर आईं.

‘टॉक्सिक’ के बाद लोग मुझे अलग नजर से देखेंगे : कियारा

कियारा आडवाणी ने फिल्म में अपने किरदार को लेकर कहा कि नादिया उनके अब तक के सबसे अलग और चुनौतीपूर्ण किरदारों में से एक है. उनका मानना है कि ‘टॉक्सिक’ देखने के बाद दर्शकों के मन में उनके लिए बनी धारणा बदल सकती है. वह चाहती हैं कि लोग फिल्म देखने के बाद ‘टॉक्सिक’ से पहले की कियारा और फिल्म के बाद की कियारा के बीच अंतर महसूस करें.

कियारा के मुताबिक, यह किरदार उनके करियर में एक ऐसा मोड़ साबित हो सकता है, जिसके बाद लोग उनके अभिनय को एक अलग नजरिए से देखेंगे. उनके लिए यह सिर्फ एक और फिल्म नहीं, बल्कि अपनी छवि से आगे निकलकर कुछ नया करने का मौका है.

उन्होंने फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास के साथ काम करने के अनुभव को भी खास बताया. कियारा ने कहा कि नादिया का किरदार जिस तरह लिखा गया है, उसने उन्हें शुरुआत से ही आकर्षित किया.

मां बनने के बाद पहली बार नजर आईं कियारा

इस ट्रेलर लॉन्च की एक खास वजह कियारा आडवाणी की मौजूदगी भी रही. मां बनने के बाद यह उनकी पहली बड़ी सार्वजनिक फिल्मी मौजूदगी है. बेटी के जन्म के बाद कियारा एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं और इस बार उनका अंदाज पहले से काफी अलग नजर आ रहा है.

‘टॉक्सिक’ में उनका किरदार नादिया काफी गहरा और रहस्यमयी बताया जा रहा है. फिल्म की अब तक सामने आई झलकियों में कियारा का यह रूप उनकी पिछली फिल्मों से बिल्कुल अलग दिखाई देता है.

तारा सुतारिया के किरदार को लेकर यश ने बताई दिलचस्प बात

फिल्म में तारा सुतारिया रेबेका के किरदार में नजर आएंगी. प्रेस शो के दौरान उनके किरदार को लेकर भी यश ने एक दिलचस्प जानकारी साझा की. यश ने बताया कि शुरुआत में तारा का किरदार छोटा था, लेकिन कहानी पर काम आगे बढ़ने के साथ इसे बड़ा किया गया.

तारा के लिए भी ‘टॉक्सिक’ एक खास अनुभव रहा है. अभिनेत्री पहले कह चुकी हैं कि फिल्म में अलग-अलग उम्र और करियर के पड़ाव पर मौजूद महिलाओं को साथ काम करते और एक-दूसरे के दृश्यों को सराहते देखना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा.

रेबेका के रूप में तारा का किरदार भी उनके अब तक के पर्दे वाले अंदाज से अलग बताया जा रहा है. फिल्म में उनका किरदार आकर्षक होने के साथ-साथ खतरनाक भी नजर आने वाला है.

नयनतारा भी निभा रही हैं अहम भूमिका

‘टॉक्सिक’ में नयनतारा गंगा के किरदार में दिखाई देंगी. फिल्म की महिला कलाकारों को लेकर भी शुरुआत से काफी चर्चा रही है. कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत जैसे नाम इस फिल्म का हिस्सा हैं.

फिल्म के प्रचार के दौरान महिला किरदारों को खास तवज्जो दी गई है. इससे साफ है कि ‘टॉक्सिक’ की कहानी केवल यश के किरदार के इर्द-गिर्द नहीं घूमती, बल्कि फिल्म में महिला पात्रों की भी अहम भूमिका है.

यश के लिए भी अलग है ‘टॉक्सिक’

‘केजीएफ’ के बाद यश की यह वापसी है, इसलिए फिल्म को लेकर दर्शकों में खास उत्साह है. हालांकि ‘टॉक्सिक’ में यश का अंदाज भी पहले की फिल्मों से काफी अलग नजर आने वाला है. फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है.

अब देखने वाली बात यह होगी कि ‘टॉक्सिक’ यश के लिए कितनी बड़ी फिल्म साबित होती है और कियारा आडवाणी का नादिया वाला किरदार उनके करियर को किस दिशा में ले जाता है. खुद कियारा की बातों से साफ है कि वह इस फिल्म को अपने करियर में एक अहम मोड़ मान रही हैं. शायद यही वजह है कि अब दर्शकों की नजर सिर्फ यश पर नहीं, बल्कि ‘टॉक्सिक’ के बाद सामने आने वाली नई कियारा पर भी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नेहा वर्मा

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >