Sankalp: नाना पाटेकर की OTT डेब्यू सीरीज ‘संकल्प’ 11 मार्च, 2026 को Amazon MX Player पर रिलीज हुई. यह नई सोशियो-पॉलिटिकल थ्रिलर अपनी गहराई और दमदार एक्टिंग के लिए सोशल मीडिया पर खूब सराहना बटोर रही है. बिहार और दिल्ली के राजनीतिक माहौल पर आधारित यह सीरीज धीरे-धीरे सत्ता में आगे बढ़ने की कहानी दिखाती है, जिसमें गुरु-शिष्य का रिश्ता, वफादारी और बड़े सपने और इच्छाएं अहम भूमिका निभाती हैं.
इसी बीच, नाना पाटेकर के साथ स्क्रीन शेयर करने वाले एक्टर क्रांति प्रकाश झा ने अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि यह उनके करियर का सबसे यादगार और भारी अनुभव रहा. आइए जानते हैं पूरी बातचीत.
क्रांति प्रकाश झा ने नाना पाटेकर संग काम करने पर क्या कहा?
प्रेस रिलीज के मुताबिक, क्रांति ने कहा, “सबसे पहले, मुझे लगता है कि मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि मुझे नाना सर के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला. सेट पर मेरा पहला ही दिन ‘कस्तूरी’ और ‘मात साब’ के बीच के सबसे ज्यादा इमोशनल सीन की शूटिंग में बीता. यह बहुत ही इंटेंस, मुश्किल और सच कहूं तो, थोड़ा-सा भारी अनुभव था. लेकिन अब जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं, तो मैं उस मौके के लिए बस शुक्रगुजार हूं. जब आप प्रकाश झा सर के विजन से घिरे होते हैं और नाना सर के साथ एक्टिंग कर रहे होते हैं, तो आप ज्यादा सोचते नहीं हैं, बस खुद को पूरी तरह से उस पल के हवाले कर देते हैं. और ठीक उसी पल आप अपनी सबसे बेहतरीन एक्टिंग कर पाते हैं.”
उन्होंने यह भी कहा कि शो में सत्ता की चालों और महत्वाकांक्षाओं को दिखाने का तरीका बिल्कुल अलग और दिलचस्प था.
संकल्प की कहानी और कास्ट
‘संकल्प’ राजनीतिक सत्ता की बारीकियों को दिखाती है. इस सीरीज में नाना पाटेकर, संजय कपूर, मोहम्मद जीशान अय्यूब, नीरज काबी, कुब्रा सैत और क्रांति प्रकाश झा मुख्य भूमिका में हैं. शो में दिखाया गया है कि कैसे सत्ता धीरे-धीरे बनती है और इसके लिए रिश्तों, रणनीतियों और सोच-समझ के फैसलों का बड़ा रोल होता है.
स्ट्रीमिंग डिटेल्स
इस शो का निर्देशन और निर्माण नेशनल अवॉर्ड विजेता प्रकाश झा ने किया है. इसे Jio Studios ने PJP Films Productions के बैनर तले पेश किया है. ‘संकल्प’ अब Amazon MX Player पर मुफ्त में स्ट्रीम हो रही है और इसे मोबाइल, कनेक्टेड टीवी, Amazon शॉपिंग ऐप, Prime Video, Fire TV और Airtel Xtreme पर देखा जा सकता है.
यह भी पढ़ें: The 50 Grand Finale से पहले जानिए कौन है टॉप 5 फाइनलिस्ट, फिनाले कब-कहां और कितनी प्राइज मनी
