'रामायण' की सूर्पणखा बनकर मिली थी घर-घर पहचान, अब पर्दे से दूर संभाल रही हैं करोड़ों का कारोबार

रामानंद सागर की रामायण में सूर्पणखा का किरदार निभाने वालीं रेनू धारीवाल घर-घर पहचानी गईं. परिवार के खिलाफ जाकर चुना एक्टिंग का रास्ता, जानिए उनका पूरा सफर.

रामानंद सागर की रामायण में कई ऐसे किरदार हैं, जिन्हें दशकों बाद भी दर्शक भूले नहीं हैं. इन्हीं में से एक है रावण की बहन सूर्पणखा, जिसका किरदार अभिनेत्री रेनू धारीवाल ने निभाया था. दिलचस्प बात यह है कि रेनू पूरी सीरीज में सिर्फ चार एपिसोड में नजर आईं, लेकिन उनकी दमदार हंसी, चेहरे के हाव-भाव और अभिनय ने उन्हें घर-घर पहचान दिला दी. आज भी लोग उन्हें उनके असली नाम से कम और 'सूर्पणखा' के नाम से ज्यादा जानते हैं.

परिवार के खिलाफ जाकर चुना था एक्टिंग का रास्ता

रेनू धारीवाल एक रूढ़िवादी पंजाबी परिवार से आती थीं, जहां लड़कियों का फिल्मों और टीवी की दुनिया में जाना पसंद नहीं किया जाता था. हालांकि उनकी मां ने उनका साथ दिया. वह मुंबई पहुंचीं और रोशन तनेजा के एक्टिंग इंस्टीट्यूट में अभिनय सीखा. थिएटर में उनकी शानदार परफॉर्मेंस ने रामानंद सागर का ध्यान खींचा और यहीं से उनकी जिंदगी बदल गई.

एक हंसी ने दिला दिया था सूर्पणखा का रोल

ऑडिशन के दौरान रामानंद सागर ने उनसे सिर्फ एक बात कही थी—'राक्षसी की तरह हंसकर दिखाओ.' रेनू ने ऐसी जोरदार हंसी लगाई कि उन्हें तुरंत सूर्पणखा का रोल मिल गया. यह किरदार छोटा जरूर था, लेकिन इतना प्रभावशाली रहा कि आज भी लोग उसे याद करते हैं.

दो महीने शूटिंग, मिली थी 30 हजार रुपये फीस

रेनू ने गुजरात के उमरगांव में करीब दो महीने तक शूटिंग की थी. इसके बदले उन्हें 30 हजार रुपये फीस मिली थी. उस दौर में यह अच्छी रकम मानी जाती थी. इस किरदार के बाद उनकी लोकप्रियता इतनी बढ़ गई कि लोग उन्हें सार्वजनिक जगहों पर भी 'सूर्पणखा' कहकर बुलाने लगे.

शाहरुख खान की बहन का भी निभाया किरदार

रामायण की सफलता के बाद रेनू को कई बड़े प्रोजेक्ट मिले. उन्होंने बी.आर. चोपड़ा के टीवी शो चुन्नी, पंजाबी फिल्म मरही दा दीवा और हेमा मालिनी के निर्देशन में बनी फिल्म दिल आशना है में काम किया. इस फिल्म में उन्होंने शाहरुख खान की बहन की भूमिका निभाई थी.

एक्टिंग और राजनीति छोड़ अब बिजनेस संभाल रही हैं

बाद में रेनू धारीवाल ने एक्टिंग से दूरी बना ली और राजनीति में सक्रिय हुईं. वह मुंबई महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष भी रहीं. शादी के बाद उनका नाम रेनू खानोलकर हो गया. फिलहाल वह राजनीति से भी दूर हैं और अपने पति के रियल एस्टेट कारोबार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. इसके साथ ही महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए दो एनजीओ भी संचालित करती हैं.

आज भी लोग कहते हैं- अरे, ये तो 'सूर्पणखा' हैं

भले ही रेनू धारीवाल ने सालों पहले अभिनय की दुनिया छोड़ दी हो, लेकिन रामायण का उनका किरदार आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है. यही वजह है कि दशकों बाद भी उनकी पहचान किसी बिजनेसवुमन या पूर्व नेता के रूप में नहीं, बल्कि 'रामायण' की सूर्पणखा के रूप में ही होती है.

ये भी पढ़ें:पेपर लीक पर फूटा Tej Pratap Singh का गुस्सा, पूछा- करोड़ों का फंड आखिर जाता कहां है?


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नेहा वर्मा

Neha Verma is an entertainment journalist with over 11 years of experience in Bollywood and digital journalism. She has worked with leading media brands including Aaj Tak, Navbharat Times and Dainik Jagran, reporting on celebrities, films, television and the wider entertainment industry. Known for her exclusive stories and breaking news coverage, she has worked in both Delhi and Mumbai. She currently heads the Entertainment section at Prabhat Khabar Digital.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >