Khatron Ke Khiladi 15: 'खतरों के खिलाड़ी 15' इन दिनों अपने खतरनाक स्टंट्स को लेकर चर्चा में है. एक्टर गौरव खन्ना ने सोशल मीडिया पर अपनी चोटों की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, जिन्हें देखकर फैंस हैरान रह गए. उनकी पीठ पर रबर बुलेट स्टंट के दौरान बने गहरे निशान साफ दिखाई दे रहे थे. इसके बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सवाल उठाए कि क्या शो के स्टंट अब जरूरत से ज्यादा खतरनाक हो गए हैं. बढ़ती आलोचना के बीच अब शो के मेकर्स ने इस पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
मेकर्स ने दी सफाई -'यह शो बिल्कुल भी क्रूर नहीं है'
बनिजय एशिया के सीईओ दीपक धर ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में साफ कहा कि 'खतरों के खिलाड़ी' में कंटेस्टेंट्स की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है. उन्होंने कहा,
यह शो बिल्कुल भी क्रूर नहीं है. डर जरूर इसका हिस्सा है, क्योंकि इसका नाम ही 'फियर फैक्टर' है. लेकिन यह शो अब 15-16 सीजन पूरे कर चुका है. हम भारत में ऐसे स्टंट नहीं करते. इसलिए इसकी शूटिंग विदेशों में होती है, जहां वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रशिक्षित एक्सपर्ट्स और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के साथ हर स्टंट कराया जाता है. हर स्टंट पूरी निगरानी और सभी जरूरी सुरक्षा इंतजामों के बीच किया जाता है.
स्टंट के बाद वायरल हुआ गौरव खन्ना का वीडियो
पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब गौरव खन्ना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने रबर बुलेट वाले पेन अकॉस्न स्टंट के बाद अपनी पीठ पर पड़े चोट के निशान दिखाए.
वीडियो शेयर करते हुए गौरव ने लिखा,
टीवी पर यह स्टंट दोबारा देखकर भी मुझे वही दर्द महसूस हुआ. यह मेरी जिंदगी का सबसे दर्दनाक अनुभव था. हम चारों इस स्टंट से गुजरे थे और आज भी हमारे शरीर पर उसके निशान मौजूद हैं.
इस पेन अकॉस्न टास्क में करण वाही, विशाल आदित्य सिंह और शगुन शर्मा भी शामिल थे. स्टंट खत्म होने के बाद इन चारों कंटेस्टेंट्स के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए.
गौरव खन्ना का 'खतरों के खिलाड़ी 15' का सफर
शो में गौरव खन्ना अपना पहला स्टंट हार गए थे, जिसमें उनकी जोड़ी फरहाना भट्ट के साथ थी. इसके बाद पेन अकॉस्न टास्क में वह दूसरे ऐसे कंटेस्टेंट बने जिन्होंने बीच में ही टास्क छोड़ दिया. इसकी वजह से उन्हें एलिमिनेशन स्टंट करना पड़ा. हालांकि एलिमिनेशन राउंड में गौरव ने शानदार वापसी की. उन्होंने कठिन एरियल स्टंट पूरा किया, जबकि शगुन शर्मा टास्क पूरा नहीं कर पाईं. इसी के साथ गौरव ने खुद को एलिमिनेशन से सुरक्षित कर लिया.
ये भी पढ़ें: क्या 'लॉक अप 2' में गौरव खन्ना से मिलने पर खुश नहीं थीं आकांक्षा चमोला? बोलीं- 'मेरा कुत्ता ही आ जाता...'
