Ravi Kishan New Song Money Follows My Brother: भोजपुरी सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता और बीजेपी सांसद रवि किशन इन दिनों फिल्मों से ज्यादा अपने वायरल अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. लगातार सोशल मीडिया पर उनके मीम और वीडियो वायरल होते है और काफी पसंद किए जाते हैं. रवि किशन खुद कहते हैं, कि वह बिना किसी एफर्ट के इंटरनेट सेंसेशन बन जाते है. अब हाल ही में उनके पॉपुलर डायलॉग ‘Money Follows My Brother’ को बाकायदा एक गाने में बदल दिया गया है. टी-सीरीज और भूषण कुमार की ओर से पेश किया गया यह गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है।
ऐसे वायरल हुआ था ‘मनी फॉलोज माई ब्रदर’
दरअसल, रवि किशन का यह डायलॉग राज शमानी के पॉडकास्ट के एक वीडियो से वायरल हुआ था. बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया था कि वह ‘पहचान’ और ‘पैसा’ में से किसे ज्यादा अहमियत देते हैं. रवि किशन ने ‘पहचान’ को चुना और इसके बाद अपने खास अंदाज में कहा था- ‘Money follows my brother, money follows.’ देखते ही देखते उनका यह जवाब सोशल मीडिया पर मीम और रील्स का फेवरेट कंटेंट बन गया. genz के फेवरेट रवि किशन इस पुरे वीडियो में धमाल मचाते नजर आ रहे हैं.
रवि किशन के सिर्फ इसी डायलॉग ने नहीं, बल्कि उनके कई पुराने वीडियो और वन-लाइनर्स ने भी इंटरनेट पर दोबारा लोकप्रियता हासिल की. ‘जल्दी द लेट’ और ‘होम फ्रॉम वर्क जैसे उनके अंदाज भी सोशल मीडिया यूजर्स के बीच काफी वायरल रहा.
मीम को बना दिया पूरा गाना
अब इसी वायरल लाइन को एक म्यूजिकल ट्रीटमेंट दिया गया है. ‘मनी फोल्लोव्स माय ब्रदर ’ में मेलो डी, सुरजीत बिंद्राखिया और खुद रवि किशन की आवाज सुनाई देती है. गाने के बोल मेलो डी और शमशेर संधू ने लिखे हैं, जबकि इसका म्यूजिक मेलो डी, संगम वैज्ञानिक और अतुल शर्मा ने तैयार किया है. म्यूजिक वीडियो का निर्देशन पोस्ट गुरु ने किया है. यह गाना टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल के साथ-साथ प्रमुख स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है.
रवि किशन ने फैंस को दिया प्यार का जवाब
गाने को लेकर रवि किशन ने कहा कि सोशल मीडिया पर उन्हें फैंस से जो प्यार मिल रहा है, वह उनके लिए बेहद खास है. उनके मुताबिक, ‘मनी फॉलोज माई ब्रदर’ फैंस के इसी प्यार का जवाब है. उन्होंने यह भी कहा कि उनके डायलॉग, एनर्जी, लोगों से जुड़ाव और उनकी पर्सनैलिटी, जिन चीजों से दर्शक जुड़ते हैं, वे सभी इस वीडियो में नजर आ रही हैं.
गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने रवि किशन की जमकर तारीफ की. किसी ने उनके कॉन्फिडेंस की तारीफ की तो किसी ने कहा कि उन्होंने ट्रोलिंग को भी मौके में बदल दिया. एक यूजर ने लिखा कि ‘मीम ऐसे बनाओ कि गाना ही बन जाए. वहीं कई लोगों ने उनके अंदाज को देखकर कहा कि रवि किशन सच में अलग ही लेवल के इंसान हैं. इस गाने के अब तक हैं यूट्यूब में 1.8 मिलियन व्यूज आ चुके हैं
