सिंगर और रैपर बादशाह और एक्ट्रेस ईशा रिखी अब साथ नहीं हैं. दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है. 31 अगस्त को ईशा ने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर कर अपने रिश्ते के खत्म होने की जानकारी दी थी. अब पहली बार एक्ट्रेस ने इस बारे में बात की है. उन्होंने साफ कहा कि वह अपनी निजी जिंदगी को सबके सामने चर्चा का विषय नहीं बनाना चाहतीं.
बादशाह से अलग होने पर क्या बोलीं ईशा रिखी?
बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में ईशा रिखी ने बादशाह से अलग होने को लेकर अपनी बात रखी. एक्ट्रेस ने कहा कि वह अपनी जिंदगी के इस रिश्ते को अब शांति से पीछे छोड़ना चाहती हैं. वह नहीं चाहतीं कि उनकी निजी जिंदगी लोगों के बीच तमाशा बने.
ईशा ने साफ कहा कि वह अपनी निजी बातें सबके सामने नहीं रखेंगी. उनका मानना है कि अपनी जिंदगी की मुश्किलों को दुनिया के सामने खोलकर रखना उनका तरीका नहीं है. यानी अभी वह अपने रिश्ते के बारे में ज्यादा कुछ बताने के मूड में नहीं हैं.
ये भी पढ़ें: बादशाह संग बंद कमरे में शादी, 150 दिन में बर्बादी... बिग बॉस 20 में ईशा रिखी बताएंगी रिश्ते के टूटने की पूरी कहानी?
बादशाह के साथ अब कैसा है रिश्ता?
जब ईशा से पूछा गया कि अलग होने के बाद बादशाह के साथ उनका रिश्ता कैसा है, तो उन्होंने इसे ‘उलझा हुआ’ बताया. उन्होंने कहा कि शायद एक दिन वह इस रिश्ते के बारे में खुलकर बात कर पाएंगी.
लेकिन अभी ईशा खुद को उन सवालों का जवाब देने के लिए तैयार नहीं मानतीं. उन्होंने बताया कि इस समय वह जिस दौर से गुजर रही हैं, वह उनके लिए एक लड़ाई जैसा है और वह इसे खुद संभाल रही हैं.
पिछला एक साल रहा काफी मुश्किल
ईशा ने बताया कि बीता एक साल उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं रहा. इस मुश्किल समय में भगवान पर उनका भरोसा उनके लिए सहारा बना. एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि जिंदगी ने उन्हें पहले भी कई बार परखा है.
ईशा ने महज 8 साल की उम्र में अपने पिता को खो दिया था. उन्होंने बताया कि शुरुआत में वह भगवान से सवाल करती थीं कि उनके साथ ही बार-बार ऐसी चीजें क्यों हो रही हैं. लेकिन बाद में उन्हें लगा कि शायद यह भी जिंदगी की एक बड़ी परीक्षा है. अब वह अपने विश्वास के सहारे इस मुश्किल समय से बाहर निकलने की कोशिश कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: बादशाह से तलाक लेकर Bigg Boss 20 में पहुंची ईशा रिखी... दर्दनाक दिन यादकर रोई, बोली- जब ट्रस्ट टूटता है तो...
क्या दोबारा शादी करेंगी ईशा?
बादशाह से अलग होने के बाद क्या ईशा फिर से प्यार या शादी के बारे में सोचेंगी? इस पर एक्ट्रेस ने कहा कि उनके साथ जो कुछ हुआ, उससे उनका प्यार पर भरोसा खत्म नहीं हुआ है.
हालांकि, अभी वह प्यार को किसी प्रेमी या प्रेमिका वाले रिश्ते के रूप में नहीं देख रही हैं. फिलहाल उनके लिए मां और दोस्तों का प्यार ज्यादा मायने रखता है. ईशा ने कहा कि वह अपने साथ हुई बुरी चीजों की वजह से कड़वी इंसान नहीं बनना चाहतीं.
साथ ही उन्होंने माना कि इस सब से उबरने में उन्हें काफी समय लग सकता है. शादी को लेकर ईशा ने कहा कि फिलहाल उनकी जिंदगी में शादी जैसी कोई चीज नहीं है. हालांकि, वह भगवान पर भरोसा रखती हैं और भविष्य में उनके लिए जो तय होगा, उसे स्वीकार करेंगी.
