शाहरुख खान ने भले ही डायरेक्टर राज कंवर की फिल्म 'दीवाना' (1992) से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था, लेकिन असली पहचान उन्हें अब्बास-मस्तान की 'बाजीगर' (1993) और यश चोपड़ा की 'डर' (1993) से मिली. ऐसे में क्या आपको पता है कि 'डर' (1993) के लिए शाहरुख खान पहली पसंद नहीं थे? जी हां, यश चोपड़ा ने फिल्म में राहुल मेहरा के किरदार के लिए उस दौर के उभरते हुए अभिनेता सुदेश बेरी को लगभग फाइनल कर लिया था. यहां तक कि उनके कॉस्ट्यूम भी तैयार हो चुके थे, लेकिन बाद में प्लान बदल गया और यह रोल किंग खान को मिल गया.
क्यों सुदेश बेरी से छिन गया डर फिल्म
बताया जाता है कि यश चोपड़ा को लगा कि सुदेश बेरी जैसे नए चेहरे के लिए सनी देओल जैसे बड़े स्टार के सामने स्क्रीन पर अपनी मौजूदगी बनाए रखना मुश्किल हो सकता है. इसी वजह से फिल्म की कास्टिंग में बदलाव किया गया और शाहरुख खान को राहुल मेहरा के किरदार के लिए चुना गया.
सुदेश बेरी का डर के लिए कॉस्ट्यूम तक था फाइनल
सुदेश बेरी ने 'अकम्पनी अक्की' संग पॉडकास्ट में इस बारे में बात करते हुए कहा, "मुझे 'डर' फिल्म का रोल ऑफर हुआ था और मेरे कॉस्ट्यूम भी तैयार थे. बाद में जो हुआ, वो यह था कि फिल्म के दूसरे मुख्य किरदार के लिए पहले ऋषि कपूर का नाम आया, फिर आमिर खान पर विचार हुआ और आखिर में सनी देओल को कास्ट किया गया."
क्यों सुदेश बेरी को डर फिल्म से दिखाया गया बाहर का रास्ता
सुदेश बेरी ने आगे कहा, ''फिल्म के आखिर में, एक सीन था, जिसमें मेरा किरदार दूसरे मुख्य किरदार को मुक्का मारता. उनके मुताबिक, अगर वह रोल करते तो स्क्रीन पर ऐसा लग सकता था कि एक नए कलाकार ने एक बड़े स्टार (सनी देओल) को पंच कर दिया है. यही वजह बताई गई कि यश चोपड़ा ने कास्टिंग को लेकर दोबारा सोचा.''
सुदेश बेरी ने अभी तक नहीं देखा है फिल्म डर
सुदेश ने कहा कि उन्होंने यह बात सुनी थी और उन्होंने आज तक फिल्म नहीं देखी है. उन्होंने यह भी कहा कि यश चोपड़ा एक जुनूनी फिल्ममेकर थे और यही पैशन उन्हें बेहतरीन फिल्में बनाने की ताकत देता था. उनके अनुसार, शायद यश जी को लगा कि वह उस समय इस तरह के बड़े किरदार के लिए काफी नए थे.
शाहरुख-आमिर जैसे सितारों की सफलता पर क्या बोले सुदेश बेरी
अपने दौर के कलाकारों जैसे शाहरुख खान और आमिर खान के बारे में बात करते हुए सुदेश बेरी ने कहा कि मेहनत के साथ-साथ किस्मत का भी बड़ा रोल होता है. उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में हर किसी ने अपनी जगह बनाने के लिए मेहनत की है, लेकिन कुछ लोगों को सही समय पर सही मौके और किस्मत का साथ भी मिला.
ये भी पढ़ें: गुस्से में फिल्म के सेट पर Sunny Deol ने फाड़ दी थी अपनी जींस, शाहरुख खान से 16 साल तक नहीं की बात
