रवि दुबे का बड़ा ब्रेक, 21 साल की मेहनत के बाद मिली ‘रामायण’ में अहम भूमिका

Ravi Dubey Ramayana: रवि दुबे जल्द ही ‘रामायण’ में लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे. 21 साल के लंबे संघर्ष के बाद उन्हें यह बड़ा मौका मिला है. एक्टर ने इसे अपने करियर का सबसे बड़ा चैलेंज बताया है, जिससे वे नई पहचान बनाने को तैयार हैं.

Ravi Dubey Ramayana: टीवी इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता रवि दुबे अब बड़े पर्दे पर अपनी नई पहचान बनाने के लिए तैयार हैं. वह जल्द ही निर्देशक नितेश तिवारी की मच अवेटेड फिल्म Ramayana में लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे. खास बात यह है कि यह उनकी पहली हिंदी फिल्म होगी, जिसके लिए उन्होंने करीब 21 साल तक संघर्ष और मेहनत की है.

रवि दुबे का करियर

रवि दुबे ने अपने करियर की शुरुआत छोटे पर्दे से की थी और धीरे-धीरे अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने इंडस्ट्री में मजबूत पहचान बनाई. ‘सास बिना ससुराल’ और ‘जमाई राजा’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई. इसके अलावा वह कई रियलिटी शोज और होस्टिंग में भी नजर आ चुके हैं, जिससे उनकी लोकप्रियता और बढ़ी.

‘रामायण’ से बड़ा मौका नहीं- रवि दुबे

हाल ही में एक इंटरव्यू में रवि दुबे ने ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने को अपने करियर का सबसे बड़ा अवसर बताया. उन्होंने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने 21 साल तक इंतजार किया और मेहनत की. उनके मुताबिक, हर कलाकार के लिए नई ऑडियंस से जुड़ना जरूरी होता है और इसके लिए सही मंच मिलना बेहद अहम है.

रवि ने यह भी कहा कि ‘रामायण’ जैसा प्रोजेक्ट किसी भी कलाकार के लिए सबसे बड़ा चैलेंज हो सकता है. उन्होंने मेकर्स का आभार जताते हुए कहा कि उन पर भरोसा करना उनके लिए बड़ी बात है, क्योंकि इससे पहले उन्हें हिंदी फिल्मों में नहीं देखा गया था.

दमदार स्टारकास्ट और रिलीज प्लान

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाएंगे. इसके अलावा सनी देओल, यश, अरुण गोविल और साई पल्लवी जैसे बड़े सितारे भी इस फिल्म का हिस्सा हैं.

फिल्म का पहला टीजर हनुमान जयंती के खास मौके पर रिलीज किया गया, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया. यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी- पहला भाग दिवाली पर और दूसरा 2027 में सिनेमाघरों में आएगा. रवि दुबे के लिए यह फिल्म सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनके लंबे संघर्ष का फल है, जो उन्हें नए मुकाम तक ले जा सकता है.

यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर’ का बड़ा ट्विस्ट, 3 एक्टर्स ने छोड़ा था ‘रहमान डकैत’ का रोल, अक्षय खन्ना बने गेमचेंजर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pushpanjali

मेरा नाम पुष्पांजलि है और मैं पिछले दो साल से प्रभात खबर डिजिटल के साथ जुड़ी हूं. इस दौरान मैं फिल्म, टीवी और ओटीटी इंडस्ट्री से जुड़ी खबरों और ट्रेंड्स को कवर कर रही हूं. मेरा मुख्य फोकस ट्रेंडिंग अपडेट्स, फिल्म रिव्यू, और बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स पर रहता है. मैं हमेशा कोशिश करती हूं कि जटिल और तकनीकी खबरों को भी पाठकों के लिए सरल, रोचक और पठनीय अंदाज में प्रस्तुत किया जाए, ताकि वे न सिर्फ खबर को समझ सकें बल्कि उससे जुड़े भी महसूस करें.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >