Karuppu: साउथ सुपरस्टार सूर्या की फिल्म ‘करुप्पु’ आखिरकार 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई. फिल्म की रिलीज से पहले फैंस को बड़ा झटका लगा था, जब 14 मई के सभी शो अचानक रद्द कर दिए गए. इस खबर से दर्शकों में काफी निराशा देखने को मिली थी. फिल्म में सूर्या के साथ तृषा कृष्णन मुख्य भूमिका में नजर आ रही हैं. वहीं फिल्म का निर्देशन अभिनेता-निर्देशक आरजे बालाजी ने किया है.
रिलीज में देरी के बाद सूर्या ने फैंस को कहा धन्यवाद
फिल्म की रिलीज में आई परेशानी के बाद सूर्या ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर फैंस का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने फिल्म के पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “प्रिय सभी… हमारे साथ बने रहने के लिए धन्यवाद. ‘करुप्पु’ आज से सिनेमाघरों में.”
ड्रीम वॉरियर पिक्चर्स ने मांगी माफी
फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी ड्रीम वॉरियर पिक्चर्स ने भी सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट जारी किया. कंपनी ने रिलीज में हुई देरी के लिए माफी मांगी और दर्शकों के समर्थन के लिए आभार जताया. नोट में लिखा गया, “कुछ सफर ऐसे होते हैं जो सिर्फ समय ही नहीं, दिल की भी परीक्षा लेते हैं. ‘करुप्पु’ का इंतजार करने वाले हर व्यक्ति से हम माफी मांगते हैं और दिल से धन्यवाद कहते हैं. हमें पता है कि यह इंतजार आसान नहीं था. हर देरी हमारे लिए भी मुश्किल रही, लेकिन आपके प्यार और भरोसे ने इस सपने को जिंदा रखा. आज हम खुशी और भावुकता के साथ कह रहे हैं कि ‘करुप्पु’ दुनियाभर में रिलीज हो रही है.”
आरजे बालाजी ने वीडियो जारी कर मांगी थी माफी
रिलीज से पहले आरजे बालाजी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर देरी को लेकर फैंस से माफी मांगी थी. उन्होंने कहा, “मैं सभी फैंस से माफी मांगता हूं. ऐसा नहीं होना चाहिए था. मुझे पता है कि तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और कई जगहों से लोग फिल्म देखने पहुंचे थे. मुझे उम्मीद है कि सारी समस्याएं जल्द सुलझ जाएंगी. मैं पूरी उम्मीद कर रहा हूं कि ‘करुप्पु’ ब्लॉकबस्टर बनेगी. सूर्या सर ने इस फिल्म के लिए बहुत कुछ दिया है. इस देरी और तनाव के लिए फिर से माफी चाहता हूं.”
यह भी पढ़ें- ‘मैं हूं ना’ में सैफ अली खान की होने वाली थी एंट्री, फिर इस शख्स के एक फैसले से बिगड़ गई बात
