Govinda Personal Life Controversy: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर गोविंदा एक बार फिर अपनी फिल्मों नहीं, बल्कि पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह बनी है उनकी पत्नी सुनीता आहूजा का एक बयान, जिसमें उन्होंने शादी को लेकर बेहद तीखी टिप्पणी की है. सुनीता ने कहा कि “शादी ही नहीं करनी चाहिए, ये बर्बादी होती है.” उनका यह कमेंट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसके बाद से ही गोविंदा–सुनीता के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगने लगी हैं.
एक समय था जब गोविंदा और सुनीता बॉलीवुड के सबसे मजबूत और पसंदीदा कपल्स में गिने जाते थे. लेकिन पिछले कुछ सालों में इनके रिश्ते में उतार-चढ़ाव की खबरें लगातार सामने आती रही हैं. कभी तलाक की चर्चाएं, तो कभी आपसी अनबन- इन दोनों की निजी जिंदगी अक्सर सुर्खियों में रहती है.
कृष्णा अभिषेक से विवाद बना टर्निंग पॉइंट
इस पूरे विवाद की जड़ें कोरोना काल तक जाती हैं. इसी दौरान गोविंदा और उनके भांजे कृष्णा अभिषेक के बीच रिश्ते बिगड़ने की खबरें सामने आई थीं. बात इतनी बढ़ गई कि सुनीता आहूजा और कश्मीरा शाह के बीच सार्वजनिक रूप से जुबानी जंग देखने को मिली. सोशल मीडिया और इंटरव्यूज में तानों का दौर चला, जिसने परिवार के भीतर की दरार को और गहरा कर दिया.
कई लोग मानते हैं कि यह विवाद गोविंदा के लिए भावनात्मक रूप से भी बड़ा झटका था, क्योंकि कृष्णा के करियर की शुरुआत में गोविंदा ने ही उनका साथ दिया था. समय के साथ कृष्णा का करियर आगे बढ़ा, वहीं गोविंदा का फिल्मी ग्राफ नीचे जाता चला गया.
करियर ठहराव और पारिवारिक तनाव
गोविंदा आज भी खुद को लीड एक्टर के तौर पर देखना चाहते हैं, लेकिन इंडस्ट्री अब उन पर दांव लगाने से बचती नजर आती है. वहीं, सुनीता आहूजा कई बार यह आरोप लगा चुकी हैं कि गोविंदा अपने परिवार और बच्चों पर ध्यान नहीं देते. बेटी टीना आहूजा का बॉलीवुड डेब्यू सफल नहीं हो पाया, और बेटे यशवर्धन के करियर को लेकर भी अभी तस्वीर साफ नहीं है.
इन्हीं सब बातों के बीच सुनीता का यह कहना कि गोविंदा ने उन्हें धोखा दिया है और किसी एक्ट्रेस के साथ अफेयर की चर्चा, मामले को और गंभीर बना रहा है. हालांकि सच्चाई क्या है, यह दोनों ही जानते हैं.
फिलहाल फैंस यही उम्मीद कर रहे हैं कि गोविंदा और सुनीता इस निजी मसले को सार्वजनिक बयानबाजी से दूर रखकर आपस में सुलझा लें, क्योंकि कभी यह रिश्ता मिसाल माना जाता था.
यह भी पढ़ें: क्या एल्विश यादव को मिल गई अपनी दुल्हनिया? रिंग वाली पोस्ट ने बढ़ाया सस्पेंस
