Salim Khan Health Update: हिंदी सिनेमा के दिग्गज स्क्रीनप्ले राइटर सलीम खान की तबीयत को लेकर फैंस लगातार चिंतित हैं. हाल ही में सुपरस्टार आमिर खान ने उनकी हेल्थ को लेकर अपडेट दिया और बताया कि सलीम साहब की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है. 17 फरवरी को मामूली ब्रेन हैमरेज के बाद सलिम खान को मुंबई के लिलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इस खबर के सामने आते ही परिवार के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे भी उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे. इनमें सलमान खान, शाहरुख खान, संजय दत्त और उनके पुराने साथी जावेद अख्तर जैसे नाम शामिल हैं.
आमिर खान ने क्या कहा
एक इवेंट के दौरान आमिर खान ने मीडिया से बातचीत में बताया, “मैं सलीम साहब से मिलने गया था. हम सभी दुआ कर रहे हैं कि वे जल्द ठीक हो जाएं. अभी वे ICU में हैं, इसलिए उनसे सीधे मुलाकात नहीं हो पाई, लेकिन मैंने उनके परिवार के साथ समय बिताया.”
आमिर ने आगे कहा कि उन्हें परिवार से रोज जानकारी मिल रही है और हर दिन उनकी तबीयत पहले से बेहतर हो रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सलीम खान जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौटेंगे.
डॉक्टरों का मेडिकल अपडेट
अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि सलीम खान को इमरजेंसी में लाने के बाद ICU में शिफ्ट किया गया था, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है. जांच के बाद जरूरी इलाज शुरू किया गया और एक जरूरी प्रक्रिया भी की गई, जो पूरी तरह सफल रही.
डॉक्टरों ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी हालत उतनी गंभीर नहीं थी, जितनी खबरों में बताई जा रही थी. फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और लगातार सुधार हो रहा है.
सलीम-जावेद की जोड़ी की विरासत
सलिम खान ने जावेद अख्तर के साथ मिलकर ‘सलिम-जावेद’ की जोड़ी बनाई, जिसने 70 के दशक में हिंदी सिनेमा को नई दिशा दी. शोले, दीवार, त्रिशूल, डॉन और काला पत्थर जैसी कई सुपरहिट फिल्मों की कहानी लिखकर उन्होंने इतिहास रचा.
फैंस और फिल्म जगत के लोग लगातार उनकी सेहत के लिए दुआ कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि वे जल्द पूरी तरह ठीक होकर घर लौटें.
यह भी पढ़ें: विजय देवरकोंडा ने शेयर की हल्दी की तस्वीरें, रश्मिका मंदाना संग दिखा रॉयल वेडिंग का रंग
