Arijit Singh Retirement: अगर इन दिनों बॉलीवुड में किसी एक खबर ने सबसे ज्यादा हलचल मचा रखी है, तो वो है अरिजीत सिंह का प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास. 28 जनवरी को अरिजीत ने ऐलान किया कि अब वह फिल्मों के लिए गाने नहीं गाएंगे. पहले तो फैंस को लगा कि ये कोई अफवाह है, लेकिन जब बात कन्फर्म हुई, तो चाहने वालों के साथ-साथ इंडस्ट्री के कई लोगों का दिल टूट गया. अब इस फैसले पर मशहूर डायरेक्टर विशाल भारद्वाज का रिएक्शन सामने आया है, जो काफी इमोशनल है.
विशाल भारद्वाज ने क्या कहा?
विशाल भारद्वाज ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में वह खुद एक गाना गुनगुनाते दिख रहे हैं, “डर लगता है मुझको, तू जाने वाला है.” उनके साथ कुछ और लोग भी मौजूद हैं. खास बात ये है कि इस वीडियो में अरिजीत सिंह भी वहीं थे और वही इस पल को कैमरे में कैद कर रहे थे. वीडियो शेयर करते हुए विशाल ने लिखा कि जब वे कुछ दिन पहले इस गाने पर साथ काम कर रहे थे, तब उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह अरिजीत के साथ उनका आखिरी फिल्मी गाना होगा. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह बिल्कुल गलत है.
15 सालों तक रहे फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा
यहीं नहीं, विशाल भारद्वाज ने अरिजीत से खुलकर अपील भी की. उन्होंने लिखा, “अपना संन्यास वापस लो, ये स्वीकार नहीं किया जा सकता.” अरिजीत सिंह पिछले करीब 15 सालों से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का अहम हिस्सा रहे हैं. उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक यादगार गाने दिए हैं. उनका पहला फिल्मी गाना ‘मर्डर 2’ का ‘फिर मोहब्बत’ था, जिसने उन्हें रातों-रात पहचान दिला दी. हालांकि अरिजीत ने साफ किया है कि उन्होंने सिर्फ फिल्मों के लिए गाने छोड़ने का फैसला किया है. इंडिपेंडेंट म्यूजिक, अपने खुद के गाने, स्टेज शो और कॉन्सर्ट्स वह पहले की तरह करते रहेंगे.
यह भी पढे़ं: Arijit Singh 2nd Wife: तलाकशुदा और एक बच्चे की मां से की अरिजीत ने दूसरी शादी, जानिए कौन हैं कोयल रॉय?
