Adhira Movie: भारतीय सिनेमा के दर्शकों के लिए एक नया और रोमांचक सुपरहीरो अनुभव आ रहा है. आरकेडी स्टूडियोज और क्रिएटिव विजनरी प्रशांत वर्मा मिलकर बड़े पर्दे पर एक महाकाव्य प्रस्तुत कर रहे हैं, जिसका नाम है ‘अधीरा’. प्रशांत वर्मा ने पहले हनु-मान जैसी सुपरहीरो कहानियों के जरिए जॉनर को नई पहचान दी है और अब यह फिल्म भारतीय सुपरहीरो स्टोरीटेलिंग को एक नई ऊंचाई पर ले जाने का वादा करती है. रिवाज रमेश दुग्गल के प्रोडक्शन में बन रही यह फिल्म उतनी ही भव्य और महत्वाकांक्षी है, जितनी इसकी कहानी है.
अधीरा का विजुअल इफेक्ट होगा शानदार
शरण कोप्पिसेट्टी की ओर से निर्देशित इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है. निर्माताओं का लक्ष्य दर्शकों को एक ऐसा सिनेमाई अनुभव देना है, जो दुनियाभर में उन्हें मंत्रमुग्ध कर दे. ‘अधीरा’ भारतीय इतिहास की गहराई में जड़ें जमाती है और आधुनिक विजुअल इफेक्ट्स से सजी है. यह प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स (PVCU) का अगला चमकता नगीना है, जो भारतीय सुपरहीरो स्टोरीटेलिंग को बिल्कुल नए रूप में पेश करेगा. फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है, जो अपने दमदार और रोमांचक अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींच रहा है.
फिल्म का पोस्टर
पोस्टर में एक विशाल ज्वालामुखी फटता दिखाई देता है. आग और धुएं से घिरे अंधेरे आकाश के बीच एस. जे. सूर्या एक भयावह और शक्तिशाली रूप में नजर आते हैं. उनके सिर पर सींग जैसे शृंग और आदिवासी कवच उन्हें एक डरावने और निर्दयी दानव की तरह प्रस्तुत करते हैं. वहीं, इस अंधकारमय शक्ति के सामने कालयन दासरी, अपने डेब्यू में, घुटनों के बल बैठे दिखते हैं. उनकी आंखों में अटूट संकल्प और नियति की ज्वाला जल रही है. यह कहानी केवल लड़ाई की नहीं, बल्कि आशा और धर्म की रक्षा की कहानी भी है. इस महायुद्ध में भावनाओं, रोमांच और विस्मयकारी विजुअल्स का ज्वालामुखी सिनेमाघरों को पूरी तरह आकर्षित कर देगा.
