DU One Year PG Program : डीयू में पहली बार एक साल का पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम

दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एक बड़ा बदलाव किया जा रहा है. नेशनल एजुकेशन पॉलिसी (एनईपी 2020) के तहत डीयू ने पहली बार एक वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम की शुरुआत की है.

DU One Year PG Program : दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पहली बार एक वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम की शुरुआत करने का फैसला किया है. यह कोर्स विशेष रूप से उन छात्रों के लिए है, जिन्होंने चार साल का ग्रेजुएशन पूरा कर लिया है. इस ऐतिहासिक बदलाव से छात्रों का एक साल बचेगा और वे इसके बाद सीधे पीएचडी के लिए योग्य हो जायेंगे.

किसे मिलेगा दाखिला

इस एक वर्षीय पीजी प्रोग्राम को खास तौर पर उन छात्रों के लिए तैयार किया गया है, जो नेशनल एजुकेशन पॉलिसी के तहत चार साल का ग्रेजुएशन पूरा कर चुके हैं. कोई भी छात्र जिसके पास चार वर्षीय स्नातक डिग्री है, वह एक वर्षीय पीजी प्रोग्राम में एडमिशन के लिए आवेदन कर सकता है.
वहीं, तीन वर्षीय ग्रेजुएशन करनेवाले छात्रों के लिए पहले की तरह दो साल का ही पीजी प्रोग्राम रहेगा.

एडमिशन का आधार

डीयू के इस एक वर्षीय पीजी प्रोग्राम में एडमिशन पूरी तरह से सीयूईटी (पीजी)-2026 के स्कोर के आधार पर होगा. कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीसैस-पीजी) पोर्टल के जरिये ही काउंसलिंग और सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी की जायेगी.

इसे भी पढ़ें : Indian Navy recruitment 2026 : भारतीय नौसेना में बनें ऑफिसर, एसएससी के तहत होगी नियुक्ति

छात्रों के लिए लाभप्रद है यह कोर्स

नेशनल एजुकेशन पॉलिसी के तहत चार साल का यूजी करनेवाले छात्र अब डीयू के एक वर्षीय पीजी प्रोग्राम में दाखिला प्राप्त कर सिर्फ एक साल में की मास्टर्स पूरा कर लेंगे, जिससे उनका एक साल बचेगा. यह डिग्री अमेरिकी और ब्रिटिश यूनिवर्सिटीज के अंतरराष्ट्रीय मानकों के बिल्कुल अनुरूप है, जिससे विदेश में पढ़ाई और नौकरी के रास्ते आसान होंगे. इसके अलावा, इस कोर्स को पूरा करते ही छात्र सीधे पीएचडी प्रोग्राम के लिए पात्र हो जायेंगे.

विषयों के बारे में जानें

डीयू के नये सत्र (2026-27) के तहत जारी बुलेटिन के अनुसार, एक वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम को विभिन्न संकायों और विभागों के अंतर्गत आनेवाले कई पारंपरिक और आधुनिक विषयों में लागू किया जा रहा है. यह कोर्स पहली बार उन छात्रों के लिए लाया गया है, जिन्होंने चार वर्षीय स्नातक पूरा किया है, इसलिए प्रमुख विषयों की सूची को निम्नलिखित संकायों के आधार पर समझा जा सकता है-

फैकल्टी ऑफ आर्ट्स एंड ह्यूमैनिटीज
इसके अंतर्गत साहित्य, भाषा और दर्शन से जुड़े विषयों में एक साल के मास्टर डिग्री के विकल्प मिल रहे हैं.
भाषाएं : हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, पंजाबी, अरबी, फारसी आदि.
विदेशी भाषाएं : फ्रेंच, जर्मन, इटालियन, जापानी, हिस्पैनिक (स्पैनिश) आदि.
अन्य विषय : दर्शनशास्त्र, भाषा विज्ञान और बौद्ध अध्ययन.

फैकल्टी ऑफ सोशल साइंस
समाज और व्यवस्थाओं से जुड़े इन लोकप्रिय विषयों में भी यह व्यवस्था लागू की गयी है.
पॉलिटिकल साइंस, हिस्ट्री, इकोनॉमी, सोशियोलॉजी, जियोग्राफी, सोशल वर्क.

फैकल्टी ऑफ साइंस एंड इंटरडिसिप्लिनरी साइंस
इसमें प्योर साइंस और एप्लाइड साइंस दोनों तरह के एमएससी कोर्स शामिल हैं.
फिजिक्स, केमिस्ट्री, बॉटनी, जूलॉजी, एंथ्रोपोलॉजी, जियोलॉजी, एनवार्यनमेंटल स्टडी, इलेक्ट्रॉनिक साइंस, जेनेटिक्स और बायोफिजिक्स.

फैकल्टी ऑफ मैथमेटिकल साइंस
डेटा और कैलकुलेशन के क्षेत्र में करियर बनाने वाले छात्रों के लिए मैथ्स, स्टेटिस्टिक्स, कंप्यूटर साइंस, ऑपरेशनल रिसर्च पीजी प्रोग्राम ऑफर किया गया है.

फैकल्टी ऑफ कॉमर्स एंड बिजनेस स्टडीज
कॉमर्स बैकग्राउंड के उन छात्रों के लिए जो बैंकिंग, फाइनेंस या अकादमिक क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं, वे एक वर्षीय एमकॉम में दाखिला से सकते हैं.

फैकल्टी ऑफ म्यूजिक एंड फाइन आर्ट्स
एमए म्यूजिक : हिंदुस्तानी और कर्नाटक संगीत एवं परकशन.
एमएफए : पेंटिंग, स्कल्पचर और विजुअल आर्ट्स के छात्रों के लिए.

दाखिला लेने के इच्छुक छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय के आधिकारिक एडमिशन पोर्टल pgportal.uod.ac.in पर जाकर अपने विशिष्ट विषय की पात्रता की जांच कर सकते हैं.

विस्तार से जानने के लिए देखें : https://admission.uod.ac.in/userfiles/downloads/04072026-admission-BOI%20One%20Year%20PG%202026%20(1)_compressed_compressed.pdf

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prachi khare

Sr. copy-writer. Working in print media since 15 years. like to write on education, healthcare, lifestyle, fashion and film with the ability of produce, proofread, analyze, edit content and develop quality material.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >