Ujjwala Yojana Subsidy : देश में आम जनता की जेब पर महंगाई की एक और बड़ी मार पड़ी है. घरेलू एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी का एलान किया गया है. 14.2 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 29 रुपये का इजाफा किया गया है.
इस बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में अब घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर पहुंच गई है. हालांकि, इस बढ़ोतरी से ज्यादा चर्चा इस समय ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ (PMUY) के तहत मिलने वाली सब्सिडी को लेकर मचे घमासान और कन्फ्यूजन की हो रही है, जिसने करोड़ों गरीब परिवारों को चिंता में डाल दिया है.
सुबह-सुबह सरकार ने बदली अपनी प्रेस रिलीज
केंद्रीय पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने 7 जून 2026 को सुबह-सुबह एक ऐसी गलती की, जिससे हर कोई हैरान रह गया.
- सुबह 5:59 बजे (पहली प्रेस रिलीज): मंत्रालय ने पीआईबी (PIB) की साइट पर बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस महंगी होने के बावजूद भारत में दाम सिर्फ 29 रुपये बढ़ाए गए हैं. साथ ही कहा कि उज्ज्वला लाभार्थियों को पहले की तरह 300 रुपये की सब्सिडी मिलती रहेगी और उनके लिए सिलेंडर 642 रुपये का पड़ेगा. लेकिन कुछ ही देर बाद इस रिलीज को डिलीट कर दिया गया.
- सुबह 8:02 बजे (दूसरी नई प्रेस रिलीज): सरकार ने एक नया नोट जारी किया, जिसने सब्सिडी के पूरे गणित को ही बदल दिया.
अब साल में केवल 4 सिलेंडर पर ही मिलेगी ₹300 सब्सिडी?
सरकार की नई प्रेस रिलीज में साफ-साफ शब्दों में लिखा गया है “प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थी को हरेक वर्ष पहले चार रिफिल (4 Cylinders) पर 300 रुपये प्रति सिलेंडर का प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) मिलेगा और इस तरह वे उन रिफिल के लिए प्रभावी रूप से 642 रुपये का भुगतान करते हैं; यह सहायता अपरिवर्तित है.”
क्या बदला नियम ?
इससे पहले तक उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को सालाना 9 सिलेंडर तक 300 रुपये प्रति सिलेंडर की दर से सब्सिडी मिल रही थी. लेकिन नई रिलीज के मुताबिक अब साल में सिर्फ शुरुआती 4 सिलेंडर पर ही 300 रुपये (कुल ₹1,200 सालाना) की सब्सिडी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए खाते में जाएगी. इसके पीछे सरकार का तर्क है कि एक सामान्य उज्ज्वला परिवार साल में औसतन 4 सिलेंडर ही इस्तेमाल करता है.
हेल्पलाइन ने कहा: हमारे पास अभी पुराना ही अपडेट है
इस पूरे मामले पर जब ‘प्रभात खबर ‘ की टीम ने क्लैरीफिकेशन (सच्चाई) जानने के लिए उज्ज्वला हेल्पलाइन (18002666696) पर बात की तो वहां से बोल रहे प्रतिनिधि डेविड राय ने बताया कि हेल्पलाइन के सिस्टम में अभी भी सालाना 9 सिलेंडर पर सब्सिडी देने का ही नियम दिख रहा है. मंत्रालय की 4 सिलेंडर वाली नई प्रेस रिलीज का कोई भी आधिकारिक अपडेट अभी तक हेल्पलाइन सेंटर के पास नहीं पहुंचा है. इस विरोधाभास के कारण आम जनता के बीच भारी भ्रम (Confusion) की स्थिति बनी हुई है.
एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें
| ग्राहक की कैटेगरी | दिल्ली में नया रेट (14.2 KG) | सब्सिडी का नया प्रपोजल |
| सामान्य ग्राहक (General Customer) | ₹942 | कोई सब्सिडी नहीं |
| उज्ज्वला लाभार्थी (PMUY Beneficiary) | ₹642 | साल के पहले 4 सिलेंडर पर ₹300 की छूट |
Also Read : हर सिलेंडर पर 700 रुपये का घाटा! LPG के बढ़े दामों पर केंद्र सरकार ने क्या कहा पढ़ें
