राष्ट्रीय राजधानी( नई दिल्ली ) के सर्राफा बाजार में मंगलवार (18 अगस्त ) को सोने की कीमत में 2,000 रुपये की जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई. खुदरा विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की ओर से बढ़ी लिवाली के चलते सोना लगातार दूसरे सत्र में मजबूत हुआ. 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,58,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गया.
चांदी के भाव भी बढ़े
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत भी 730 रुपये बढ़कर 2,40,730 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. इससे पहले चांदी दो सत्रों तक 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर थी.
वैश्विक बाजार में दबाव
हालांकि वैश्विक स्तर पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई. हाजिर सोना 0.5 प्रतिशत घटकर 4,394.57 डॉलर प्रति औंस और चांदी एक प्रतिशत से अधिक गिरकर 65.08 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी.
मिडिल ईस्ट तनाव का असर
मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि पश्चिम एशिया में आपूर्ति संबंधी चिंताओं के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है. इसी माहौल में सोना करीब 4,392 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार कर रहा था.
संघर्ष-विराम खत्म होने से बढ़ी चिंता
सोमवार( 17 अगस्त ) को अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिन का संघर्ष-विराम खत्म होने के बाद तेल की कीमतों में तेजी आई. विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर तनाव बढ़ता है तो सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग और मजबूत हो सकती है.
निवेशकों की नजर फेड पर
कोटक सिक्योरिटीज की जिंस शोध एवीपी कायनात चैनवाला ने कहा कि अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में मजबूती और मुनाफावसूली के कारण वैश्विक स्तर पर चांदी कमजोर हुई. हालांकि फेडरल रिजर्व की दरों में नरमी की उम्मीद, केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी और स्थिर निवेश मांग के कारण सर्राफा बाजार का माहौल अभी भी सकारात्मक बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: Subhadra Yojana की 5वीं किस्त: रक्षाबंधन पर किन- किन महिलाओं को मिल सकता है तोहफा,जानिए पूरी डिटेल
