वाशिंगटन : अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) ने अगले वित्त वर्ष के लिए भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 7.5 रहने के अपने पहले के अनुमान को कायम रखा है. हालांकि, उसने 2016 के लिए विश्व आर्थिक परिदृश्य को घटाकर 3.4 प्रतिशत कर दिया है. विश्व आर्थिक परिदृश्य (डब्ल्यूईओ)पर अपने अपडेट में आईएमएफ ने कहा है कि 2016 में चीन की वृद्धि दर की रफ्तार घटकर 6.3 प्रतिशत पर आएगी. 2017 में यह और घटकर छह प्रतिशत रह जाएगी.
हालांकि, इस दौरान भारत अच्छी रफ्तार से आगे बढता रहेगा. आईएमएफ ने कहा, ‘‘भारत और शेष उदीयमान एशिया के अच्छी रफ्तार से वृद्धि दर्ज करने की उम्मीद है. हालांकि, कुछ देशों को चीन के संकट व वैश्विक विनिर्माण कमजोरी की वजह से कमजोर स्थिति को झेलना होगा.
‘ वैश्विक वृद्धि के बारे में आईएमएफ का अनुमान है कि 2016 में यह 3.4 प्रतिशत रहेगी और 2017 में 3.6 प्रतिशत. भारत के लिए आईएमएफ ने चालू वित्त वर्ष में 7.3 प्रतिशत की वृद्धि दर के अनुमान को कायम रखा है. आईएमएफ का अनुमान है कि 2016-17 और 2017-18 में यह 7.5 प्रतिशत रहेगी. इससे पहले अक्तूबर में जारी डब्ल्यूईओ अपडेट में आईएमएफ ने चालू वित्त वर्ष में भारत की वृद्धि दर 7.3 प्रतिशत तथा 2016-17 में 7.5 प्रतिशत रहने का ही अनुमान लगाया था. वैश्विक वृद्धि के मामले में उसने 2016 में इसके 3.6 प्रतिशत तथा 2017 में 3.8 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था.
