Telecom Sector Growth India: भारतीय टेलीकॉम सेक्टर के लिए साल 2026 की चौथी तिमाही (Q4FY26) बड़ी खुशखबरी के साथ कुछ अहम बदलाव लेकर आने वाली है. सेंट्रम की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, मोबाइल कंपनियों की कमाई में सुधार हो रहा है और मार्केट में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
क्यों बढ़ रही है कंपनियों की कमाई?
रिपोर्ट का कहना है कि अब लोग धीरे-धीरे 2G से हटकर 4G और 5G की ओर शिफ्ट हो रहे हैं. इस वजह से कंपनियों का ARPU (प्रति ग्राहक औसत कमाई) लगभग 1% बढ़ने की उम्मीद है. आसान भाषा में कहें तो, लोग बेहतर इंटरनेट के लिए ज्यादा खर्च कर रहे हैं, जिससे कंपनियों का मुनाफा बढ़ रहा है.
कौन-सी कंपनियां मार रही हैं बाजी?
मार्केट में इस वक्त रिलायंस जियो और भारती एयरटेल का दबदबा बना हुआ है.
- जियो: उम्मीद है कि इस तिमाही में जियो के साथ 50 लाख नए ग्राहक जुड़ेंगे.
- एयरटेल: एयरटेल करीब 65 लाख नए ग्राहक जोड़कर सबसे आगे रह सकती है.
- वोडाफोन आइडिया (Vi): दूसरी ओर, वोडाफोन आइडिया के लिए मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं. रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी करीब 10 लाख ग्राहक खो सकती है.
क्या जुलाई में महंगे होंगे रिचार्ज प्लान?
अगर आप सस्ते रिचार्ज के शौकीन हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है. रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई 2026 तक मोबाइल टैरिफ में 12-15% की बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना है. फिलहाल बाजार में केवल चार मुख्य खिलाड़ी बचे हैं, जिससे कंपनियों के लिए कीमतें बढ़ाना अब आसान हो गया है.
इंटरनेट की रफ्तार और 5G का क्या है हाल?
देश के लगभग 90% जिलों में अब जियो और एयरटेल का 5G नेटवर्क पहुंच चुका है. लोग न सिर्फ मोबाइल पर डेटा इस्तेमाल कर रहे हैं, बल्कि अब 5G FWA (फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस) और ब्रॉडबैंड की मांग भी तेजी से बढ़ रही है.
ये भी पढ़ें: हीरे के बाद अब लैब में बन रहा है सोना, क्या सस्ते हो जाएंगे गहने?
