Bihar Election 2025: बिहार बंद के बीच लालू यादव का BJP पर वार, बोले- गुजराती लोग बिहारियों को हल्के में ना लें...

Bihar Election 2025: बिहार की राजनीति में गर्मी उस वक्त और बढ़ गई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देने के विवाद पर भारतीय जनता पार्टी ने बिहार बंद का आह्वान किया. एनडीए दलों के समर्थन से हुए इस बंद पर जहां बीजेपी सड़कों पर उतरी, वहीं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बीजेपी और पीएम मोदी दोनों पर जमकर हमला बोला.

Bihar Election 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली दिए जाने के विवाद पर बिहार की राजनीति में घमासान तेज हो गया है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस प्रकरण को लेकर बिहार बंद का आह्वान किया, जिसमें एनडीए के सभी सहयोगी दल भी साथ दिखे. बंदी के दौरान राजधानी पटना समेत राज्य के तमाम जिलों में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे. भारतीय जनता महिला मोर्चा की अगुवाई में जगह-जगह प्रदर्शन किए गए और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एवं राजद नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ नारेबाजी हुई.

दरभंगा में दी गई थी पीएम मोदी की मां को गाली

दरभंगा की घटना, जहां कांग्रेस-राजद गठबंधन के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुलेआम माइक पर गाली दी गई थी, इस पूरे विवाद की जड़ बनी है. इसे लेकर बीजेपी लगातार विपक्ष पर हमलावर है. वहीं, बिहार बंद के दौरान कई जिलों से झड़प और हंगामे की खबरें भी आईं.

लालू यादव ने सोशल मीडिया पर दी तीखी प्रतिक्रिया

इसी बीच, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार बंद के बहाने बीजेपी कार्यकर्ता सड़क पर महिलाओं और आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं. अपने पोस्ट में लालू ने लिखा- “क्या प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपाइयों को आदेश दिया है कि आज पूरे बिहार और बिहारियों की माताओं-बहनों और बेटियों को गाली दो? गुजराती लोग बिहारियों को इतने हल्के में ना लें. यह बिहार है. बीजेपी के गुंडे-मव्वाली सम्मानित शिक्षिकाओं, राह चलती महिलाओं, छात्राओं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और पत्रकारों के साथ हाथापाई और गाली-गलौज कर रहे हैं. क्या यह उचित है?”

लालू यादव के बयान के बाद चढ़ा राजनीतिक पारा

लालू यादव के इस बयान के बाद राजनीतिक पारा और चढ़ गया है. राजद और कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए बंदी को फेल बताने की कोशिश की है, जबकि बीजेपी ने साफ कहा है कि “जो प्रधानमंत्री और उनकी मां का अपमान करेगा, जनता उसे कभी माफ नहीं करेगी.”

बिहार की राजनीति में यह टकराव फिलहाल थमने वाला नहीं दिख रहा है. एक ओर बीजेपी इस मुद्दे को भावनाओं से जोड़कर भुनाने की कोशिश कर रही है, वहीं विपक्ष पलटवार करते हुए इसे राजनीतिक नौटंकी करार दे रहा है.

Also Read: Bihar Election 2025: बिहार के इस बाहुबली की भौजाई ने छोड़ी JDU, पार्टी में सम्मान नहीं मिलने से थीं नाराज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >