स्मार्टफोन के बाद अब Xiaomi ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रही है. कंपनी ने अपनी नई SkyNomad SUV से पर्दा उठा दिया है, जो लंबी रेंज, प्रीमियम केबिन और एडवांस टेक्नोलॉजी के दम पर चर्चा में आ गई है. यह नई एसयूवी खास तौर पर बड़े परिवारों और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है. सबसे बड़ी खासियत इसकी 1705 किलोमीटर तक की संयुक्त ड्राइविंग रेंज, पूरी तरह बदलने वाला केबिन लेआउट और एआई आधारित फीचर्स हैं. फिलहाल इसकी प्री-बुकिंग चीन में शुरू हो चुकी है.
दो वेरिएंट में आई नई SkyNomad, फैमिली स्पेस पर सबसे ज्यादा फोकस
Xiaomi ने इस एसयूवी को नई Kunlun प्लैटफॉर्म पर तैयार किया है. कंपनी का कहना है कि इस प्लेटफॉर्म को सबसे पहले यात्रियों के लिए ज्यादा जगह और बेहतर केबिन अनुभव को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है.
SkyNomad N90 Max 7-सीटर वेरिएंट के रूप में आती है, जबकि N70 Max में 5 सीटों का लेआउट मिलता है. N90 Max की लंबाई 5,285 मिमी और व्हीलबेस 3,080 मिमी है. वहीं N70 Max की लंबाई 4,960 मिमी और व्हीलबेस 2,950 मिमी रखा गया है.
कंपनी ने पूरे केबिन में फ्लैट फ्लोर डिजाइन दिया है, जिससे अंदर बैठने वालों को ज्यादा खुलापन मिलता है. दूसरी पंक्ति में 1,550 मिमी तक लेगरूम मिलता है, जबकि कुल केबिन स्पेस 2,760 मिमी तक पहुंचता है.
जरूरत के हिसाब से बदल जाएगा पूरा केबिन
SkyNomad की सबसे बड़ी खासियत इसका री-कॉन्फिगरेबल केबिन है. जरूरत के अनुसार इसकी सीटों को अलग-अलग तरीके से सेट किया जा सकता है.
चाहें परिवार के साथ सफर करना हो, मोबाइल ऑफिस बनाना हो, आराम करने के लिए स्लीपिंग एरिया तैयार करना हो या ज्यादा सामान रखना हो, यह एसयूवी हर स्थिति के अनुसार खुद को ढाल सकती है. सभी सीटें फोल्ड करने पर 1,831 लीटर तक बूट स्पेस मिलता है. कंपनी का दावा है कि इसमें एक साथ 24 बड़े 20-इंच के सूटकेस तक रखे जा सकते हैं.
1705Km तक की रेंज और दमदार परफॉर्मेंस
SkyNomad में Xiaomi का नया Kunlun एक्सटेंडेड-रेंज पावरट्रेन दिया गया है. N70 Max एक बार चार्ज पर CLTC मानक के अनुसार 505 किलोमीटर तक केवल इलेक्ट्रिक मोड में चल सकती है, जबकि N90 Max की इलेक्ट्रिक रेंज 464 किलोमीटर तक बताई गई है.
सबसे खास बात इसकी कुल 1705 किलोमीटर तक की संयुक्त ड्राइविंग रेंज है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बार-बार रुकने की जरूरत काफी कम हो सकती है.
N90 Max में ड्यूल मोटर ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम दिया गया है, जो 310kW की अधिकतम पावर पैदा करता है. इसके साथ डबल विशबोन फ्रंट सस्पेंशन, मल्टी-लिंक रियर सस्पेंशन, एडैप्टिव एयर सस्पेंशन और कंटीन्यूअस वैरिएबल डैम्पर्स जैसी तकनीकें भी मिलती हैं.
सुरक्षा और एआई फीचर्स में भी किसी फ्लैगशिप से कम नहीं
Xiaomi ने इस एसयूवी की सुरक्षा पर भी खास ध्यान दिया है. इसकी बॉडी में हाई-स्ट्रेंथ स्टील और एल्यूमिनियम का व्यापक इस्तेमाल किया गया है. महत्वपूर्ण हिस्सों में 2200MPa अल्ट्रा हाई-स्ट्रेंथ स्टील लगाया गया है.
SUV में 12 एयरबैग, 39 एंटी-पिंच प्रोटेक्शन पॉइंट, थर्ड रो के लिए इमरजेंसी एग्जिट, ट्रिपल डोर ओपनिंग सिस्टम और नई Armor Scale बैटरी दी गई है, जिसमें 18-लेयर सुरक्षा संरचना मौजूद है.
Snapdragon 8 Gen 3 से चलेगा इंफोटेनमेंट, Hyper XiaoAi करेगा हर काम
SkyNomad के केबिन में Snapdragon 8 Gen 3 प्रोसेसर से लैस नया इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है. इसमें छह स्क्रीन कनेक्टिविटी, कस्टमाइजेबल हेड-अप डिस्प्ले, 25-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, रियर कंट्रोल डिस्प्ले, मसाज सीटें, बिल्ट-इन रेफ्रिजरेटर और 50W वायरलेस चार्जिंग जैसी सुविधाएं मिलती हैं.
कंपनी का Hyper XiaoAi एआई असिस्टेंट केवल वॉयस कमांड से सीट लेआउट, लाइटिंग और क्लाइमेट कंट्रोल बदल सकता है. इसके अलावा LiDAR, 4D मिलीमीटर-वेव रडार, कई कैमरे और 700 TOPS कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म के साथ एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम भी स्टैंडर्ड दिया गया है.
फिलहाल Xiaomi SkyNomad केवल चीन में पेश की गई है. कंपनी ने वैश्विक लॉन्च या भारत में इसकी एंट्री को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.
ये भी पढ़ें: जुलाई में लॉन्च हुई ये 8 नई कारें, किसी में 526Km की रेंज तो किसी में नया टर्बो इंजन, देखें पूरी लिस्ट
