Suzuki Access 125 के Ride Connect Edition की कीमत ₹90,727 है. यह Special Edition से करीब ₹2,900 महंगा है, जिसकी कीमत ₹87,827 है. दोनों ही कीमतें दिल्ली की एक्स-शोरूम कीमतें हैं. खास बात यह है कि Ride Connect Edition में Special Edition के फीचर्स तो मिलते ही हैं, साथ ही इसमें कनेक्टेड कंसोल भी जोड़ा गया है. आइए डिटेल में जानते हैं इस वेरिएंट में हमें क्या-क्या खास मिलता है.
डिजाइन और कलर
- Suzuki Access Ride Connect का डिजाइन भी Access सीरीज के बाकी मॉडल्स जैसा ही साफ-सुथरा और प्रीमियम है.
- आगे की तरफ क्रोम बॉर्डर के साथ लंबी-चौड़ी LED हेडलाइट और U-शेप LED DRL दिया गया है. साइड पैनल पर बनी क्रीज लाइन्स स्कूटर को थोड़ा स्पोर्टी लुक देती हैं.
- पीछे की तरफ टेललाइट और इंडिकेटर्स का डिजाइन भी काफी अच्छा है, जो स्कूटर को एक अलग लुक देता है.
- Special Edition की तरह इस वेरिएंट में भी एप्रन के अंदर, सीट के नीचे और फ्लोरबोर्ड पर बेज कलर के पैनल मिलते हैं.
- कलर ऑप्शन की बात करें तो Ride Connect वेरिएंट में एक ऐसा रंग भी मिलता है, जो सस्ते वेरिएंट में नहीं दिया गया है. इसमें Pearl Shiny Beige के साथ Metallic Mat Black No. 2, Metallic Mat Stellar Blue, Pearl Grace White और Solid Ice Green जैसे कुल 5 कलर ऑप्शन मिलते हैं.
फीचर्स
- इसमें सबसे खास बात है इसका Bluetooth कनेक्टिविटी वाला कंसोल. फोन को बाइक से कनेक्ट करते ही आपको कंसोल पर बारी-बारी से रास्ता बताने वाला नेविगेशन, कॉल और मैसेज के अलर्ट और मौसम की जानकारी मिल जाती है.
- इसमें आपको कलर स्क्रीन नहीं, बल्कि LCD डिस्प्ले मिलता है. कलर TFT स्क्रीन कंपनी ने ऊपर के वेरिएंट्स के लिए रखी है.
- स्कूटर में पहले की तरह मल्टी-फंक्शन की स्लॉट दिया गया है, जिससे एक ही चाबी से सीट और बाहर की तरफ खुलने वाला फ्यूल टैंक दोनों खोले जा सकते हैं. फ्रंट एप्रन पर USB पोर्ट भी मिलता है.
- स्टोरेज के मामले में भी स्कूटर काफी काम का है. सीट के नीचे 24.4 लीटर की जगह मिलती है, जबकि आगे दो खुले स्टोरेज पॉकेट दिए गए हैं.
सेफ्टी और ब्रेकिंग
- इस वेरिएंट में आपको Special Edition वाला फ्रंट डिस्क ब्रेक और अलॉय व्हील मिलते हैं. इसमें ABS नहीं दिया गया है, बल्कि Combined Braking System (CBS) मिलता है.
- इसके अलावा, स्कूटर में किक स्टार्टर भी दिया गया है, जो जरूरत पड़ने पर काम आएगा. पार्किंग ब्रेक लॉक की सुविधा भी मिलती है.
इंजन और परफॉर्मेंस
- इस स्कूटर में 124cc का एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 6,500rpm पर 8.42PS की पावर और 5,000rpm पर 10.2Nm का टॉर्क देता है.
- इंजन को CVT गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है और इसमें किक के साथ इलेक्ट्रिक स्टार्ट की सुविधा भी मिलती है.
- माइलेज की बात करें तो ये करीब 55kmpl का माइलेज देती है. इसमें 5.3 लीटर का पेट्रोल टैंक मिलता है.
ये भी पढ़ें: 125cc स्कूटर खरीदना है? ये 5 मॉडल कीमत और माइलेज में हैं सबसे आगे, देखें लिस्ट
