Mahindra इस हफ्ते अपने सालाना इवेंट में कई नए प्रोडक्ट्स से पर्दा उठाने वाली है. इनमें सबसे खास प्रोडक्ट्स में से एक होगा कंपनी का नया पिकअप ट्रक. इसका प्रोडक्शन वर्जन ग्लोबल पिकअप कॉन्सेप्ट पर बेस्ड है. Mahindra ने कुछ साल पहले इस कॉन्सेप्ट को पेश किया था और हाल ही में इसी पिकअप ट्रक का टेस्ट म्यूल भी भारतीय सड़कों पर नजर आया था.
अब कंपनी ने खुद एक टीजर जारी कर इसकी लॉन्चिंग को लेकर तस्वीर साफ कर दी है. कंपनी 14 अगस्त 2026 को इस नए मॉडल से ऑफिशियली पर्दा उठाएगी. हालांकि, फिलहाल हम इसे Scorpio N Pick-up के नाम से बुला रहे हैं, लेकिन कंपनी इसका नाम कुछ और रख सकती है.
कैसा है एक्सटीरियर?
- सामने से देखने पर इसमें Scorpio N की झलक साफ नजर आती है. चौड़ी ग्रिल पर Mahindra का ट्विन-पीक लोगो दिया गया है, जबकि वर्टिकली स्टैक्ड लाइटिंग एलिमेंट्स और स्लिम LED DRLs इसके फ्रंट को मॉडर्न टच देते हैं.
- साइड से देखें तो यह डबल-कैब लेआउट के साथ आएगा, जिसमें पीछे लंबा कार्गो बेड मिलेगा. बड़े व्हील आर्च, रूफ रेल्स और बड़े अलॉय व्हील्स इसके लुक को दमदार बनाते हैं. इसका व्हीलबेस भी Scorpio N से लंबा दिखाई देता है, जिससे केबिन और कार्गो एरिया दोनों को ज्यादा स्पेस मिलने की उम्मीद है.
- पीछे की तरफ वर्टिकल C-शेप LED टेललैंप्स दिए गए हैं. इसके अलावा चौड़ा टेलगेट और रियर ग्लास के ठीक नीचे दी गई हॉरिजॉन्टल लाइट बार भी देखने को मिलती है.
ये भी पढ़ें: 540-डिग्री कैमरा और Level-2 ADAS से लैस हुई नई Scorpio N, जानें सेफ्टी में और क्या-क्या हुआ बदलाव
केबिन में दिखी प्रीमियम फीचर्स की झलक
- पिकअप के केबिन की भी हल्की-सी झलक देखने को मिलती है. डैशबोर्ड पर ब्लैक थीम दी गई है, जबकि बीच में वर्टिकल टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है. इसके दोनों तरफ AC वेंट्स लगाए गए हैं.
- फीचर्स की बात करें तो SUV में ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, मल्टी-फंक्शन स्टीयरिंग व्हील और सेंटर कंसोल पर रोटरी नॉब दिया गया है. इसके अलावा ऑटोमैटिक गियर लीवर भी देखने को मिलता है.
- पिकअप का इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी पूरी तरह डिजिटल है, जिसका डिजाइन XUV 7XO और Thar Roxx में देखे गए सेटअप से मिलता-जुलता नजर आता है.
कैसा होगा इंजन और गियरबॉक्स सेटअप?
फिलहाल कंपनी ने पिकअप के इंजन और गियरबॉक्स से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं रखी है. हालांकि, पहले ही साफ किया जा चुका है कि इसमें सेकंड जनरेशन का ऑल-एल्यूमिनियम mHawk डीजल इंजन मिलेगा. इसे 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स के साथ पेश किया जाएगा.
खास बात यह है कि पिकअप में 4-व्हील ड्राइव (4WD) का ऑप्शन भी मिलेगा. इसके अलावा अलग-अलग सिचुएशन में बेहतर ड्राइविंग के लिए Normal, Grass-Gravel-Snow, Mud-Rut और Sand जैसे ड्राइव मोड दिए जाएंगे.
ये भी पढ़ें: Mahindra BE6 Sporteq का टीजर जारी, ट्रिपल-स्क्रीन के साथ आएगी नई इलेक्ट्रिक SUV, 15 अगस्त को होगी लॉन्च
