PM मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों की मुंबई में मुलाकात, क्या 114 राफेल डील होगी फाइनल?

PM Modi Macron Meet: PM मोदी और प्रेसिडेंट मैक्रों मुंबई में मिलने वाले हैं. क्या 3.25 लाख करोड़ की राफेल डील पक्की होगी? जानें कि मेक इन इंडिया पहल के तहत 114 फाइटर जेट में से 96 भारत में कैसे बनाए जाएंगे. AI समिट से लेकर टाटा-एयरबस हेलीकॉप्टर प्लांट तक, फ्रांस के साथ डिफेंस और टेक्नोलॉजी सहयोग का एक नया दौर शुरू होने वाला है.

PM Modi Macron Meet: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों तीन दिनों के भारत दौरे पर मुंबई पहुंच चुके हैं. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया (एक्स) पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. यह मुलाकात सिर्फ हाथ मिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें अरबों डॉलर की राफेल डील, चीन की दादागिरी और अमेरिका की नई नीतियों पर भी बड़ा मंथन होना है.

रात 12 बजे मुंबई लैंडिंग

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों अपनी पत्नी ब्रिगिट के साथ सोमवार आधी रात को मुंबई पहुंचे. पीएम मोदी ने उनका स्वागत करते हुए लिखा कि मुंबई और दिल्ली में मिलते हैं मेरे दोस्त. आज यानी मंगलवार दोपहर करीब 3:15 बजे मुंबई के ‘लोक भवन’ में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत (Bilateral Talks) शुरू होगी. इस मीटिंग में भारत-फ्रांस की पुरानी दोस्ती को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का प्लान तैयार होगा.

114 राफेल का ‘मेगा प्लान’: 96 भारत में ही बनेंगे

इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण 114 राफेल फाइटर जेट्स की संभावित डील है. एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले हफ्ते केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल (DAC) ने राफेल फाइटर जेट खरीदने को मंजूरी दी, जिसके बाद भारत सरकार ने करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये के इस प्रपोजल को हरी झंडी दे दी है.

  • खास बात: इन 114 जेट्स में से केवल 18 सीधे फ्रांस से उड़कर आएंगे. बाकी 96 जेट्स ‘मेक इन इंडिया’ के तहत भारत में ही तैयार किए जाएंगे.
  • देसी टच: इन विमानों में 60% पार्ट्स भारतीय होंगे और इनमें भारतीय हथियार व मिसाइलें फिट की जाएंगी.
  • सुपर राफेल: इस डील में 24 ‘सुपर राफेल’ (F-5 वर्जन) भी शामिल हैं, जो इतने एडवांस हैं कि अभी फ्रांस भी इन्हें डेवलप कर रहा है. इनकी डिलीवरी 2030 के बाद होगी.

शाम 5:15 बजे ‘इनोवेशन ईयर’ का आगाज

शाम को दोनों नेता ‘भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर 2026’ की शुरुआत करेंगे. इसके अलावा, मुंबई से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कर्नाटक के वेमगल में बनी टाटा और एयरबस की हेलिकॉप्टर असेंबली लाइन का उद्घाटन किया जाएगा. यहां एयरबस का सबसे ज्यादा बिकने वाला H125 हेलिकॉप्टर बनाया जाएगा. यह पहली बार है जब कोई प्राइवेट सेक्टर की कंपनी भारत में हेलिकॉप्टर की पूरी असेंबली करेगी.

चीन और ट्रंप की नीतियों पर भी चर्चा

मीटिंग में सिर्फ हथियारों की बात नहीं होगी. पीएमओ (PMO) के बयान के मुताबिक, दोनों नेता चीन के बढ़ते प्रभाव और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ (टैक्स) नीतियों से पैदा होने वाली वैश्विक अनिश्चितता पर भी चर्चा करेंगे. भारत अब रूस पर अपनी सैन्य निर्भरता कम करके फ्रांस जैसे भरोसेमंद देशों के साथ जुड़ रहा है.

AI समिट और बिजनेस का तगड़ा जाल

मैक्रों 18 और 19 फरवरी को दिल्ली में होने वाले ‘AI इम्पैक्ट समिट’ में भी शामिल होंगे. उनके साथ 110 से ज्यादा फ्रांसीसी कंपनियों का डेलिगेशन आया है.

  • मौजूदा स्थिति: भारत में अभी 1,100 से ज्यादा फ्रांसीसी कंपनियां काम कर रही हैं, जिनसे करीब 3.5 लाख लोगों को रोजगार मिला हुआ है.
  • पुराना रिकॉर्ड: भारत पहले ही 36 राफेल खरीद चुका है जो अंबाला और हाशिमारा एयरबेस पर तैनात हैं. अब नेवी के लिए भी 26 और एयरफोर्स के लिए 114 नए राफेल की तैयारी है.

ये भी पढ़ें: क्या भारत में होकर भी AI इम्पैक्ट समिट में भाग नहीं लेंगे बिल गेट्स? एपस्टीन फाइल्स में नाम आने के बाद मामला गंभीर

ये भी पढ़ें:- भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मिले पीएम मोदी, एनएसए अजीत डोभाल भी रहे मौजूद, किन बातों पर हुई चर्चा?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >